{"vars":{"id": "127470:4976"}}

CM Bhajanlal Sharma श्रीडूंगरगढ़ के आड़सर में करेंगे जनसंवाद, तैयारियां पूरी

 

RNE Bikaner - Shridungargarh.

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बीकानेर जिले के डूंगरगढ़ क्षेत्र के आड़सर गांव का दौरा करेंगे। वे यहां आयोजित “ग्रामीण रथ समृद्ध किसान, खुशहाल राजस्थान” कार्यक्रम में भाग लेकर विभिन्न वर्गों से संवाद करेंगे।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, डूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, कलेक्टर निशांत जैन और प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, हेलिपैड व अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा, आगमन-प्रस्थान, बैठक व्यवस्था, संवाद मंच, भोजन एवं रात्रि विश्राम सहित सभी पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिला अध्यक्ष श्याम पंचारिया के अनुसार मुख्यमंत्री शाम करीब 5 बजे हेलिपैड पर पहुंचेंगे, जिसके बाद वे आड़सर गांव में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम को लो-प्रोफाइल रखते हुए जनसंवाद पर विशेष फोकस किया गया है।

कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री सबसे पहले राजीविका सखियों से संवाद करेंगे। इसके बाद वे किसानों से कृषि, सिंचाई, उत्पादन और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। साथ ही बुजुर्गों, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं से भी सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं जानेंगे।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री का भोजन एक बूथ अध्यक्ष के निवास पर प्रस्तावित है और रात्रि विश्राम भी आड़सर गांव में ही रहेगा। इस दौरे को ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की जमीनी पहुंच और जनसंपर्क के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान दिलीप सिंह राजपुरोहित, महावीर चारण, पवन स्वामी और सुरेंद्र स्वामी सहित भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।