कलेक्टर निशांत जैन बोले : शिक्षा में समाज की भागीदारी से ही तैयार होगा सशक्त और संस्कारित भविष्य
RNE, BIKANER.
राजकीय विद्यालयों के विकास और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले भामाशाहों एवं उन्हें प्रेरित करने वाले व्यक्तियों का जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह सोमवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित हुआ। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में क्यूबिशन कंसलटेंसी प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर प्रिंसिपल एवं समाजसेवी चंद्रेश हर्ष को जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया गया। जिला कलेक्टर निशांत जैन ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
समारोह में जिले के विभिन्न राजकीय विद्यालयों को एक लाख से 30 लाख रुपए तक का सहयोग देने वाले 13 भामाशाहों तथा पांच लाख से 50 लाख रुपए तक का सहयोग जुटाने वाले सात प्रेरकों का सम्मान किया गया।
चंद्रेश हर्ष ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बारह गुवाड़ तथा राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय, हर्षों का चौक सहित अनेक राजकीय विद्यालयों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वे विशेष रूप से बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने तथा शिक्षा के क्षेत्र में समाज की सहभागिता बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उनके इसी उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर निशांत जैन ने कहा कि शिक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा दायित्व है। उन्होंने कहा कि जब समाज के भामाशाह और प्रेरक विद्यालयों के विकास में आगे आते हैं, तब बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और नई संभावनाएं मिलती हैं। उन्होंने सम्मानित भामाशाहों और प्रेरकों की सराहना करते हुए कहा कि उनका सहयोग अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है तथा इससे शिक्षा के क्षेत्र में जनभागीदारी को नई मजबूती मिलेगी।
इस दौरान संदेश हर्ष ने कलेक्टर जैन से मुखातिब होते हुए कहा कि वह बालिका शिक्षा के लिए हमेशा तत्पर है। जब भी आवश्यकता वाले बालिका स्कूल में कोई जरूरत महसूस हो तो जब भी प्रशासन कहेगा वे सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर निशांत जैन, जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे, संयुक्त निदेशक शिक्षा सुनीता चावला, जिला शिक्षा अधिकारी किशन दान चारण, उप जिला शिक्षा अधिकारी अनिल बोडा, पूर्व सहायक निदेशक विजयशंकर आचार्य, देहात भाजपा अध्यक्ष श्याम पंचारिया, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सत्यप्रकाश आचार्य सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।