{"vars":{"id": "127470:4976"}}

बीकानेर में पूर्ण नहरबंदी लागू - 48 घंटे में एक बार मिलेगा पानी, 17 अप्रैल से नई व्यवस्था शुरू

 
RNE Bikaner.
भीषण गर्मी के बीच बीकानेरवासियों के लिए बड़ी खबर है। इंदिरा गांधी नहर परियोजना में 17 अप्रैल से 11 मई 2026 तक पूर्ण नहरबंदी लागू कर दी गई है। इसके चलते शहर में पेयजल आपूर्ति अब एक दिन छोड़कर (हर 48 घंटे में) की जाएगी।
जलदाय विभाग ने जलाशयों में उपलब्ध सीमित पानी को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की है, ताकि पूरे शहर में संतुलित जल वितरण सुनिश्चित किया जा सके।
जोनवार लागू होगी नई जलापूर्ति व्यवस्था
जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता खेमचंद सिंगारिया ने बताया कि शहर को दो जोन में विभाजित कर आपूर्ति की जाएगी।
 प्रथम जोन में 17 अप्रैल से हर विषम तिथि (Odd Dates) को जलापूर्ति होगी। जैसे: 17, 19, 21, 23, 25, 27, 29 अप्रैल और 1, 3, 5, 7, 9, 11 मई आदि।
प्रथम जोन में शहर के पुराने मध्य क्षेत्र शामिल हैं
* कोटगेट, केईएम रोड, स्टेशन रोड, फड़ बाजार।
* नयाशहर, जस्सूसर गेट, जवाहर नगर।
* करणी नगर, गांधी नगर, कैलाशपुरी।
* नत्थूसर, मोहता चौक, डागा चौक, तेलीवाड़ा।
* बांग्ला नगर, प्रताप बस्ती, सुभाष मार्ग।
* लक्ष्मीनाथ मंदिर क्षेत्र, बड़ा बाजार, रामपुरिया।
* बीछवाल, ट्रांसपोर्ट नगर, आरएसी क्षेत्र।
इन क्षेत्रों में विभिन्न टंकियों (जेलवेल, गोगागेट, करणी नगर, नत्थूसर, नयाशहर आदि) के माध्यम से जल वितरण किया जाएगा।
द्वितीय जोन में 18 अप्रैल से सम तिथि को जलापूर्ति होगी। जैसे: 18, 20, 22, 24, 26, 28, 30 अप्रैल और 2, 4, 6, 8, 10 मई आदि। यानी दोनों जोन में 48 घंटे के अंतराल से पानी मिलेगा, लेकिन शुरुआत अलग-अलग दिन से होगी।
द्वितीय जोन में शहर के विस्तार कॉलोनियां शामिल है :
* गंगाशहर, सुजानदेसर, चौधरी कॉलोनी।
* रानी बाजार, औद्योगिक क्षेत्र।
* मुक्ता प्रसाद नगर, रामपुरा बस्ती।
* पवनपुरी, शास्त्री नगर, पटेल नगर।
* शिव बाड़ी, तिलक नगर, खतूरिया कॉलोनी।
* जयनारायण व्यास कॉलोनी (सभी सेक्टर)।
* इंजीनियरिंग कॉलेज, एमजीएसयू, शोभासर क्षेत्र।
सख्ती रहेगी, बिजली कटेगी
* अवैध बूस्टर पंप जब्त किए जाएंगे।
* जल वितरण के अंतिम छोर तक आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उड़न दस्ते तैनात रहेंगे।
* कुछ क्षेत्रों में आधे घंटे की बिजली कटौती भी की जा सकती है।
 प्रशासन की अपील, पानी बचाएं :
जलदाय विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि पानी का सावधानीपूर्वक और मितव्ययी उपयोग करें। अनावश्यक बहाव से बचें। जरूरत के अनुसार ही भंडारण करें।
गर्मी में बढ़ी चुनौती :
भीषण गर्मी और नहरबंदी के चलते जल संकट की स्थिति बन सकती है। ऐसे में यह व्यवस्था पूरे शहर में संतुलित जल वितरण के लिए जरूरी मानी जा रही है। कुल मिलाकर अगले लगभग 25 दिनों तक बीकानेरवासियों को पानी के लिए 48 घंटे का इंतजार करना होगा। ऐसे में सतर्कता और बचत ही राहत का एकमात्र उपाय है।