पंचायत चुनाव में कांग्रेस का दबदबा, लेकिन अपनों ने ही बिगाड़े समीकरण; 15 में 10 प्रधान बनाए,
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर के पंचायत चुनाव में कांग्रेस का दबदबा तो रहा लेकिन अपनों ने समीकरण भी बिगाड़े। कांग्रेस के 15 में 10 प्रधान बने लेकिन खाजूवाला, छत्तरगढ़ में बहुमत के बावजूद पार्टी हारी। यहाँ दोनों कांग्रेस से बगावत करने वाले गोविंदराम मेघवाल के समर्थक निर्दलीय जीते। इनमें उनके पुत्र गौरव चौहान छत्तरगढ़ से निर्दलीय प्रधान बने। भाजपा ने नोखा, पांचू और बीठनोक में बाजी मारी।
दरअसल पंचायत समितियों में प्रधान पद के परिणामों से बीकानेर की राजनीति के नए समीकरण सामने आए हैं। एकतरफा बढ़त के बावजूद कांग्रेस सभी पंचायत समितियों में अपना प्रधान नहीं बना सकी और 15 में से 10 पंचायत समितियों में प्रधानी मिली।
खाजूवाला में हंगामा-तनाव :
सबसे ज्यादा चर्चा खाजूवाला और छतरगढ़ के परिणामों की रही। खाजूवाला में कांग्रेस के 10 सदस्य होने के बावजूद पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी सुनीला पूनिया चुनाव हार गईं और कांग्रेस के टिकट पर सदस्य बनीं कलावती सींवर निर्दलीय प्रधान बन गईं। खाजूवाला में पूर्व मंत्री गोविंदराम और उनकी बेटी सरिता चौहान खुद कांग्रेस के सिंबल पर जीते सदस्यों को लेकर पहुंचे। इनमें से कलावती सींवर ने निर्दलीय पर्चा भरा और एक वोट से चुनाव जीती। यहां काफी हंगामा और तनाव भी देखने को मिला। सदस्यों की लूट-खसोट रोकने पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। दूसरी ओर छतरगढ़ में कांग्रेस के 12 सदस्यों के बहुमत के बीच पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल के बेटे गौरव चौहान निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में निर्विरोध प्रधान चुने गए।
कांग्रेस को मिली भारी बढ़त :
बीकानेर जिले में पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने भाजपा पर बड़ी बढ़त बनाई थी। कुल 263 सदस्यों में कांग्रेस के 155, भाजपा के 65 और अन्य 43 निर्वाचित हुए। इसके बावजूद प्रधान चुनाव में पार्टी को पांच पंचायत समितियों में सत्ता नहीं मिली। इनमें दो जगह निर्दलीय और तीन जगह भाजपा के प्रधान बने।
पूर्ण बहुमत के बिना भाजपा के टीन प्रधान : नोखा, पांचू, बीठनोक :
नोखा और पांचू में किसी भी पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत नहीं था। नोखा की 23 सदस्यीय पंचायत समिति में भाजपा के 10, कांग्रेस के 9, आरएलपी के 3 और एक निर्दलीय सदस्य था। यहां भाजपा की मंजू देवी प्रधान बनीं। पांचू में कांग्रेस के 8, भाजपा के 7, आरएलपी के 3 और निर्दलीय के 3 सदस्य थे। यहां भाजपा के शिवनारायण ने प्रधान पद हासिल किया। बीठनोक में भी भाजपा ने अपनी बढ़त को जीत में बदला। यहां भाजपा के 8 और कांग्रेस के 7 सदस्य थे। भाजपा की पूनम कंवर प्रधान निर्वाचित हुईं।
कांग्रेस के 03 निर्विरोध, जानिए कहां कौन :
कांग्रेस ने बज्जू खालसा में जाली, बीकानेर में जगदीश कुमार कस्वां, जसरासर में गीता देवी तर्ड, हदां में ममता मेघवाल, कोलायत में देवी सिंह, लूणकरणसर में प्रमेश्वरी, पूगल में मंजूरा बानो, रीड़ी में संतोष देवी, रूणिया में धर्माराम और श्रीडूंगरगढ़ में सुमित्रा को प्रधान बनाया। हदां, जसरासर और छतरगढ़ में प्रधान निर्विरोध चुने गए। बज्जू खालसा और हदां की प्रधान जाली और ममता मेघवाल की उम्र 25-25 वर्ष है। वहीं खाजूवाला की प्रधान कलावती 68 वर्ष की हैं और जिले की सबसे उम्रदराज प्रधान बनी हैं।