{"vars":{"id": "127470:4976"}}

देशनोक चुनाव में बाहरी लोगों का डेरा, भाटी-बिशनाराम के साथ कांग्रेस नेता कलेक्टर से मिले
 

 

Rudra News Express Bikaner. 

नगर निकाय चुनाव-2026 के तहत देशनोक नगर पालिका में मतदान से ठीक पहले बाहरी लोगों और वाहनों की बढ़ती आवाजाही को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई है। पूर्व मंत्री भंवरसिंह भाटी और जिला कांग्रेस कमेटी देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग के नेतृत्व में कांग्रेस के जिला प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित कराने की मांग की।

धर्मशालाओं और होटलों में बाहरी लोगों के ठहरने का आरोप : 

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि मतदान से पहले पिछले कुछ दिनों से देशनोक नगर पालिका क्षेत्र में बड़ी संख्या में बाहरी लोगों के साथ बाहरी वाहनों की आवाजाही बढ़ी है। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि भाजपा से जुड़े कुछ लोगों द्वारा मतदाताओं को डराने-धमकाने और अपने पक्ष में मतदान के लिए दबाव बनाने की शिकायतें सामने आई हैं।

पूर्व मंत्री भंवरसिंह भाटी ने आरोप लगाया कि देशनोक की कई धर्मशालाओं और होटलों में बड़ी संख्या में बाहरी लोग कई दिनों से ठहरे हुए हैं। उन्होंने प्रशासन से इन लोगों की पहचान कर उनकी गतिविधियों की जांच कराने की मांग की।

भाटी ने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति की मौजूदगी चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के उद्देश्य से है तो प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने संदिग्ध वाहनों की जांच और आवश्यकता होने पर कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि किसी भी मतदाता पर भय, दबाव या प्रभाव नहीं होना चाहिए।

बिशनाराम सियाग बोले- हर मतदाता स्वतंत्र होकर वोट करे : 

जिला कांग्रेस कमेटी देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव जनता का अधिकार है और इस अधिकार को किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होने दिया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से देशनोक में मौजूद बाहरी लोगों और वाहनों की जांच कराने तथा मतदान केन्द्रों और पूरे चुनाव क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

सियाग ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस सत्ता के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने बीते दिनों देशनोक में हुई अवैध शराब की कार्रवाई को लेकर भी पुलिस की मिलीभगत का आरोप लगाया।

प्रशासन से ये मांगें : 
* देशनोक नगर पालिका क्षेत्र में ठहरे बाहरी लोगों की जांच की जाए।
* संदिग्ध एवं बाहरी वाहनों की जांच की जाए।
* चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई हो।
* मतदान केन्द्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।
* मतदाताओं को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
* 11 सितम्बर को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित किया जाए।

ये नेता कलेक्टर से मिले : 
जिला संगठन महासचिव प्रहलादसिंह मार्शल के अनुसार प्रतिनिधिमंडल में अल्पसंख्यक विभाग जिलाध्यक्ष सतू खां पड़िहार, डीसीसी महासचिव प्रीति मेघवाल, राजकुमारी व्यास, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा, प्रवक्ता पूनमचन्द भाम्भू, यूथ कांग्रेस के सांवरलाल भादू, रिछपाल सिगड़, सुरेन्द्रसिंह सेवड़ा, बिरबल मूण्ड, लोकेन्द्र सिंह, सुनील डूडी, बिशनसिंह, करणीसिंह राजपुरोहित, रामसिंह सहित अन्य कांग्रेस नेता शामिल रहे।