{"vars":{"id": "127470:4976"}}

बीकानेर में कल कांग्रेस का पैदल मार्च, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

 

Rudra News Express | Bikaner
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर बीकानेर में 29 सितंबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस विरोध प्रदर्शन करेगी। बीकानेर शहर और देहात जिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में सुबह 11 बजे कोटगेट से जिला कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। इसके बाद कलेक्टर कार्यालय के सामने पुतला दहन किया जाएगा।

कार्यक्रम शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल और देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग के संयुक्त नेतृत्व में होगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान सहप्रभारी चिरंजीव राव सहित जिले के वरिष्ठ नेता इसमें शामिल होंगे। चिरंजीव राव के बीकानेर दौरे के दौरान 29 सितंबर के प्रदर्शन का ऐलान भी किया गया था।

कांग्रेस की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार शहर और देहात कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ ब्लॉक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, NSUI, INTUC, विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल होंगे। पार्षद, पूर्व पार्षद, जिला परिषद प्रत्याशी, पंच, सरपंच और कांग्रेस से जुड़े अन्य कार्यकर्ताओं को भी भागीदारी के लिए कहा गया है।

कांग्रेस का यह प्रदर्शन चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर देशभर में चल रहे पार्टी के विरोध कार्यक्रमों की कड़ी में है। राजस्थान में भी कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का कार्यक्रम घोषित किया है।