कांग्रेस ने मदनलाल को उप प्रमुख प्रत्याशी बना एससी कार्ड चला, भाजपा ने मांगीलाल को मैदान में उतारा!
बीकानेर प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की बगावत के बाद अब उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस-भाजपा की सीधी भिड़ंत!
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर में आपसी खींचतान के बाजवजूद जीत दर्ज कर चुकी कांग्रेस ने उप प्रमुख चुनाव के लिए एससी चेहरे के रूप में मदनलाल को मैदान में उतारा है। दूसरी ओर भाजपा ने मांगीलाल को अपना प्रत्याशी बनाया है। दोनों में से किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया। ऐसे में अब दोनों के बीच सीधा चुनाव होगा। मतदान दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगा। वोटिंग खत्म होते ही मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।
सरिता की बगावत के बाद कांग्रेस ने चला एससी कार्ड :
दरअसल जिला प्रमुख पद पर निकिता डूडी की जीत के बाद कांग्रेस ने उप जिला प्रमुख पद के लिए अनुसूचित जाति वर्ग के मदनलाल को प्रत्याशी बनाया है। यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि एक दिन पहले प्रमुख चुनाव के लिए कांग्रेस की बागी सरिता चौहान मैदान में उतरी थी। हालांकि उनकी हार हुई लेकिन पार्टी ने सामाजिक प्रतिनिधित्व के समीकरण से जोड़कर मदनलाल को उप प्रमुख का दावेदार बनाया है। मदनलाल कांग्रेस के जिला प्रमुख रहे पूर्णाराम चौहान के बेटे हैं।
दूसरी ओर भाजपा ने भी प्रमुख चुनाव में प्रत्याशी मैदान से हटा लिया था लेकिन उप प्रमुख चुनाव से पीछे हटने के बजाय मांगीलाल को पार्टी सिंबल देकर मुकाबले में उतारा है। ऐसे में उप जिला प्रमुख के निर्वाचन में पार्टी ने सीधी चुनौती पेश की है।
जिला प्रमुख चुनाव में भी बगावत से घमासान :
बीकानेर जिला प्रमुख का चुनाव प्रदेशभर में चर्चा का विषय रहा। कांग्रेस ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी को अधिकृत प्रत्याशी बनाया था। वहीं पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की पुत्री सरिता चौहान ने टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला किया।
निकिता जीती, सरिता को पार्टी से निकाला :
दोनों के बीच हुए मुकाबले में निकिता डूडी ने 23 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि सरिता चौहान को 18 वोट मिले। जिला परिषद में कांग्रेस के 30 सदस्य होने के बावजूद पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी को सभी का समर्थन नहीं मिला। परिणाम के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सरिता चौहान को पार्टी से निष्कासित कर दिया। पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने को इस कार्रवाई की वजह माना जा रहा है।
उप प्रमुख चुनाव पर सबकी नजर :
अब उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। कांग्रेस के सामने अपने सदस्यों को एकजुट रखने की चुनौती है, जबकि भाजपा के लिए अपने आठ सदस्यों के साथ अन्य सदस्यों का समर्थन जुटाना अहम होगा। जिला परिषद में कुल 41 निर्वाचित सदस्य हैं। इनमें कांग्रेस के 30, भाजपा के 8, आरएलपी के 2 और सीपीआई का एक सदस्य है। ऐसे में संख्या बल के लिहाज से कांग्रेस के पास बहुमत है, लेकिन जिला प्रमुख चुनाव में सामने आए क्रॉस वोटिंग और अंदरूनी मतभेदों के कारण उप जिला प्रमुख का चुनाव भी महत्वपूर्ण हो गया है।