पीबीएम सुधारो आंदोलन के समर्थन में आज कांग्रेस का कलेक्ट्री घेराव, डोटासरा और जुली होंगे शामिल
RNE Bikaner.
पीबीएम सुधारो व बॉर्डर एरिया में धार्मिक स्थलों को हटाने के मुद्दे को लेकर आज कांग्रेस कलेक्ट्री पर प्रदर्शन करेगी, जनसभा होगी और कलेक्ट्री का घेराव किया जायेगा। जिला कांग्रेस का पीबीएम सुधारो आंदोलन 20 दिन से चल रहा है।
आंदोलन के 21 वें दिन आज हो रहे घेराव व प्रदर्शन में शामिल होने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद डोटासरा व नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जुली बीकानेर आ रहे हैं। यह प्रदर्शन दोपहर 12.30 बजे है। देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिसनाराम सियाग ने बताया कि इन नेताओं के अलावा अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष एम डी चौपदार, महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह भी बीकानेर पहुंच रहे हैं। इस प्रदर्शन के प्रभारी व प्रदेश कांग्रेस महासचिव चेतन डूडी पहले से ही बीकानेर में डेरा डाले हुए हैं।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल ने बताया कि जिला कलेक्टर पर प्रदर्शन के साथ कर्मचारी मैदान में जनसभा भी होगी, जिसकी तैयारियां कर ली गयी है। मेघवाल ने बताया कि घेराव, प्रदर्शन व जन सभा मे शहर व गांवों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व आम लोग पहुंच रहे हैं।