{"vars":{"id": "127470:4976"}}

 3 अक्टूबर को डूडी स्मारक नोखा रोड, उदयरामसर में होगी कांग्रेस की बड़ी आमसभा, व्यवस्थाओं को लेकर पदाधिकारियों ने लिया जायजा
 

 

RNE Bikaner

किसान केसरी  स्व. रामेश्वर डूडी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर 3 अक्टूबर, शनिवार को डूडी स्मारक, नोखा रोड, उदयरामसर में आयोजित होने वाली कांग्रेस की बड़ी आमसभा को लेकर कांग्रेस पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आमसभा में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के बीकानेर आगमन को देखते हुए कांग्रेस पदाधिकारी कार्यक्रम को लेकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

इसी क्रम में कांग्रेस नेताओं एवं पदाधिकारियों ने शुक्रवार को सभा स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। नोखा विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी, जिला कांग्रेस कमेटी देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल, पीसीसी सचिव शिवलाल गोदारा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता नारायणराम कस्वां, अतुल डूडी, जितेन्द्र कस्वां, बीरबल मूण्ड आदि नेताओं ने सभा स्थल पर पहुंचकर मंच, बैठक व्यवस्था, कार्यकर्ताओं एवं आमजन की सीटिंग व्यवस्था, पार्किंग, आवागमन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कार्यक्रम को लेकर संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

आमसभा तथा पंचायतीराज चुनाव 2026 को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को व्यवस्थित किया जा रहा है। सभा स्थल पर आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं को सौंपी गई हैं।

सुशीला रामेश्वर डूडी ने कहा कि स्व. रामेश्वर डूडी की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित होने वाली आमसभा उनके विचारों और जनसेवा की परंपरा को स्मरण करने का अवसर है। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह है। आमसभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने के मध्यनजर सभा स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

बिशनाराम सियाग ने कहा कि किसान केसरी स्व. रामेश्वर डूडी की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित होने वाली आमसभा को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा एवं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के बीकानेर आगमन को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। सभा स्थल पर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी गई हैं, ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

मदनगोपाल मेघवाल ने कहा कि आमसभा को लेकर कांग्रेस के जिला, ब्लॉक एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी तथा विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं। सभा में पहुंचने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।