साइकिल रैली के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण एवं जैव विविधता का दिया संदेश
RNE Bikaner
बीकानेर, । वन्यजीव सप्ताह-2026 के अवसर पर वन विभाग द्वारा शुक्रवार को विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वन्यजीव सप्ताह का शुभारंभ शुक्रवार सुबह गांधी पार्क के सामने से साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीणा, बीडीए आयुक्त सुश्री स्नेहल धायगुड़े नाना, नगर निगम आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलानीचामी, जिला परिषद सीईओ श्रीमती शैलजा पांडे, डीएफओ टेरिटोरियल श्री वेंकटेश जी तथा डीएफओ वाइल्डलाइफ श्री तरुण कुमार मेहरा ने कर किया।
साइकिल रैली में विद्यार्थियों एवं आमजन ने लिया उत्साहपूर्वक भाग
डीएफओ वाइल्डलाइफ श्री तरुण कुमार मेहरा ने बताया कि साइकिल रैली सर्किट हाउस से प्रारंभ होकर बीकानेर बॉटनिकल गार्डन पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली में मेरी साइकिल मेरा हेलमेट के श्री बस्तीराम बिश्नोई समेत पुलिस विभाग, वन विभाग, रोटरी क्लब, स्कूली एवं कॉलेज विद्यार्थियों सहित आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीणा ने बीकानेर के स्कूल एवं कॉलेज विद्यार्थियों तथा आमजन से अपील की कि वे वन्यजीव सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा वन्यजीव एवं प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
नेचर वॉक के माध्यम से प्रकृति एवं जैव विविधता की जानकारी
डीएफओ वाइल्डलाइफ श्री तरुण कुमार मेहरा ने आमजन से थार डेजर्ट की विशिष्ट पारिस्थितिकी तंत्र से रूबरू होने के लिए जोड़बीड़ कंजर्वेशन रिजर्व में आयोजित नेचर वॉक में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन एवं विद्यार्थियों को स्थानीय वन्यजीवों तथा उनके प्राकृतिक आवास को समझने का अवसर मिलता है।
बॉटनिकल गार्डन में नेचर वॉक का आयोजन
श्री मेहरा ने बताया कि साइकिल रैली के समापन के पश्चात बीकानेर बॉटनिकल गार्डन में उपस्थित जनसमूह एवं स्कूली विद्यार्थियों के लिए नेचर वॉक आयोजित की गई। डॉ. रोहिताश, सहायक आचार्य, वनस्पति शास्त्र तथा डॉ. बालचंद, वैज्ञानिक द्वारा प्रतिभागियों को बॉटनिकल गार्डन में मौजूद विभिन्न पेड़-पौधों एवं वनस्पति प्रजातियों के बारे में जानकारी दी गई तथा उनके पारिस्थितिकी एवं जैव विविधता संबंधी महत्व से अवगत करवाया गया।
वन्यजीव फोटोग्राफी एवं डाक टिकट प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र
इसके पश्चात पब्लिक पार्क चौपाटी में वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत वन्यजीव फोटोग्राफी एवं डाक टिकट प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। डीएफओ टेरिटोरियल श्री वेंकटेश जी एवं डीएफओ वाइल्डलाइफ श्री तरुण कुमार मेहरा ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
श्री मेहरा ने बताया कि प्रदर्शनी पब्लिक पार्क चौपाटी में 7 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में वन्यजीवों एवं प्रकृति से संबंधित फोटोग्राफ तथा डाक टिकटों के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण एवं जैव विविधता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आगामी दिनों में भी होंगे विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम
डीएफओ वाइल्डलाइफ श्री तरुण कुमार मेहरा ने बताया कि वन विभाग द्वारा वन्यजीव सप्ताह के दौरान आगामी दिनों में भी वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता, प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। विभाग ने आमजन, विद्यार्थियों एवं युवाओं से इन गतिविधियों में अधिकाधिक सहभागिता की अपील की है।