{"vars":{"id": "127470:4976"}}

जिला स्तरीय नार्को काॅर्डिनेशन कमेटी की बैठक आयोजित 
 

 

RNE Bikaner

बीकानेर,नार्कों काॅर्डिनेशन सेंटर की जिला स्तरीय कमेटी की बैठक बुधवार को जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री निशान्त जैन की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। 

इस दौरान जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के समस्त उपखण्डों में भी नार्को काॅर्डिनेशन से जुड़ी बैठकें और गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित हों। बाॅर्डर क्षेत्रों में अधिक मुस्तैदी रखी जाए। इस दौरान जागरुकता के साथ एनफाॅर्समेंट की कार्यवाही भी हो। उन्होंने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, खेल तथा शिक्षा विभाग के माध्यम से सघन गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। 

जिला कलक्टर ने कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का प्रयास हो। वल्लभ गार्डन क्षेत्र के नशा मुक्ति केन्द्र मारूत नारायण सेवा संस्थान में नशे से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियां पाई जाने को कमेटी द्वारा गंभीरता से लिया गया तथा इसके लाइसेंस को निरस्त करने की कार्यवाही करने तथा संस्था को दिया जाने वाला अनुदान अविलम्ब रोकने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि केन्द्रीय कारागृह में बंदियों के लिए साप्ताहिक गतिविधियां आयोजित की जाएं। 

जिला कलेक्टर ने कहा कि ड्रग फ्री कैम्पस के महत्वपूर्ण लक्ष्य को प्राथमिकता से हासिल करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि जिले भर में नशे के विरूद्ध सख्ती हो। इसके लिए उपखण्ड स्तर तक कार्यवाही की जाए। 

पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा ने कहा कि तम्बाकू मुक्त भारत अभियान के 60 दिनों के विशेष कैम्पेन के दौरान पुलिस और स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोटपा एक्ट के तहत संयुक्त और सघन कार्यवाहियां की जाएं। सीमांत क्षेत्रों में नशे को प्रोत्साहन के लिए होने वाली प्रत्येक अवांछित और संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखें। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र होने के कारण यहां अतिरिक्त सतर्कता की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा नशे से संबंधित प्रत्येक गतिविधि के विरूद्ध पूर्णतया सख्ती बरती जाए। 

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक श्री मनोज गहलोत ने गत माह नशे के विरूद्ध की गई गतिविधियांे की जानकारी दी। औषधि नियंत्रक श्री देवेन्द्र केदावत ने बताया कि जिले की समस्त मेडिकल स्टोर्स पर सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। नशे से जुड़ी दवाइयों के विक्रय, भंडारण तथा स्टाॅक संधारण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के कारण 12 मेडिकल स्टोर्स के अनुज्ञापत्र अलग-अलग अवधि के लिए निलंबित तथा दो निरस्त किए गए हैं। बैठक में पुलिस एवं प्रशासन के विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।