बीकानेर में आयोजित जनजातीय पखवाड़े के समापन अवसर पर जनजातीय जीवनशैली, परंपराओं एवं संस्कृति पर आधारित पेंटिंग प्रतियोगिता
RNE Bikaner
बीकानेर। राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर में आयोजित जनजातीय पखवाड़े के समापन अवसर पर जनजातीय जीवनशैली, परंपराओं एवं संस्कृति पर आधारित पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से जनजातीय समाज के रहन-सहन, परंपराओं, वेशभूषा एवं सांस्कृतिक जीवन को आकर्षक रूप में चित्रित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र पुरोहित ने कहा कि जनजातीय पखवाड़ा जनजातीय समाज की जीवनशैली, सभ्यता एवं संस्कृति को नजदीक से जानने और समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर रहा है। जनजातीय समाज को मुख्यधारा से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उनका गौरवशाली इतिहास, समृद्ध परंपराएं एवं सांस्कृतिक विरासत हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की विशिष्ट जीवनशैली और प्रकृति के साथ उनका सामंजस्य हमें अनेक महत्वपूर्ण जीवन मूल्य सिखाता है।
कार्यक्रम की सह-संयोजक डॉ. शशि बेसरवारिया ने विद्यार्थियों को पेंटिंग प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी दी तथा उन्हें जनजातीय जीवनशैली के विभिन्न पहलुओं को अपनी कलाकृतियों के माध्यम से अभिव्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका डॉ. अमरजीत सिंह ने निभाई।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार कुमकुम प्रजापत एवं दीक्षा जाखड़, द्वितीय पुरस्कार निखिल एवं मानसी प्रजापत तथा तृतीय पुरस्कार पालक एवं विशाखा को प्रदान किया गया। वहीं जयकुमार एवं काफिया को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के संयोजक डॉ. सत्यनारायण जाटोलिया ने संपूर्ण पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी प्राचार्य को दी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. शशि बेसरवारिया ने किया। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले डॉ. सुरेंद्र पाल मेघ, डॉ. सीताराम, डॉ. चानन मल सहित समस्त संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
इस प्रकार पेंटिंग प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जानने, समझने एवं कलात्मक रूप में अभिव्यक्त करने का अवसर प्राप्त हुआ।