{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Drugs in Jail : कैदी के लिए नए जूते लाये, तलवे में नशीली गोलियां, तलाशी में खुली पोल

 

Rudra News Express. 

जेल की चारदीवारी में भी नशा पहुंचाने की कोशिशें थम नहीं रही। हाल ही नशा तस्करी का एक ऐसा तरीका सामने आया है, जिसने जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि बंदी तक पहुँचने से पहला नशा पकड़ा गया और इसे पहुंचाने की कोशिश कर रहे शख्स के खिलाफ मामला भी दर्ज हो गया लेकिन जेल प्रशासन चिंतित जरूर हुआ है। 

जानिए कहां, की घटना, कैसे दे रहे थे अंजाम : 

घटना हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर की है। जिला कारागार हमीरपुर में बंद एक कैदी के लिए बाहर से लाए गए जूतों के अतिरिक्त तलवों में संदिग्ध नशीली गोलियां छिपाकर पहुंचाई जा रही थीं। गनीमत रही कि जेल में तैनात वार्डर की सतर्कता से प्रतिबंधित सामग्री बंदी तक पहुंचने से पहले ही पकड़ ली गई। पुलिस ने इस मामले में सामान लेकर पहुंचे व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यूं की गई नशा तस्करी की साजिश : 
जानकारी के अनुसार घटना वीरवार शाम करीब 4:20 बजे की है। डूंगरी निवासी संजीव कुमार जिला कारागार हमीरपुर में बंद एक व्यक्ति से मिलने पहुंचा था। वह बंदी के लिए जूते और कुछ अन्य सामान लेकर आया था। जेल में प्रवेश से पहले नियमानुसार सामान की जांच की जा रही थी। इसी दौरान वार्डर बबलू कुमार ने जूतों की बारीकी से तलाशी ली तो दोनों जूतों के अतिरिक्त तलवों में सफेद रंग की संदिग्ध गोलियां छिपाई हुई मिलीं।

जेल पहुंची पुलिस, गोलियां कब्जे में ली : 
तलाशी के दौरान गोलियां मिलने से जेल परिसर में हड़कंप मच गया। वार्डर ने तत्काल जेल प्रशासन को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया।मामले की गंभीरता इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि गोलियां सामान्य सामान के साथ खुले तौर पर नहीं, बल्कि जूतों के तलवों में छिपाकर लाई गई थीं। इससे आशंका जताई जा रही है कि प्रतिबंधित सामग्री को जांच से बचाकर जेल के भीतर बंदी तक पहुंचाने की योजना थी। हालांकि, इन गोलियों की वास्तविक प्रकृति और उन्हें जेल में पहुंचाने के पीछे की मंशा जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

एसपी बोले-लैब भेजी गोलियां, जांच शुरू : 
एसपी हमीरपुर बलवीर ठाकुर ने बताया कि जूतों से बरामद गोलियां नशीली होने की आशंका है। पुलिस ने उन्हें कब्जे में लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। सामान लेकर पहुंचे व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही बरामद गोलियों के नशीले पदार्थ होने की पुष्टि होगी।अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गोलियां किसके लिए लाई गई थीं और इस पूरे मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। जेल में प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने की इस कोशिश ने एक बार फिर मुलाकातियों के सामान की जांच और जेल की सुरक्षा व्यवस्था की अहमियत को सामने ला दिया है।