{"vars":{"id": "127470:4976"}}

खाद्य मंत्री श्री सुमित गोदारा मंगलवार को भी रहे लूणकरणसर क्षेत्र के दौरे पर, आमजन को फिर दी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात

 

RNE Bikaner

बीकानेर,प्रदेश के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक जन-कल्याणकारी योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मूल मंत्र तथा मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने मंगलवार को लगातार पांचवें दिन लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करते हुए यह बात कही।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने विभिन्न कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास की वास्तविक तस्वीर तभी सामने आती है, जब सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ दूर-दराज के गांवों और ढाणियों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत और सड़क जैसी आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। ग्रामीण क्षेत्रों में इन सुविधाओं के विस्तार से आमजन की रोजमर्रा की आवश्यकताओं को स्थानीय स्तर पर ही पूरा करने में मदद मिलेगी। मंत्री श्री गोदारा ने अधिकारियों को लोकार्पित निर्माण कार्यों के समुचित उपयोग और निर्माणाधीन परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ तय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

विभिन्न गांवों में विकास कार्यों की झड़ी

मंगलवार को मंत्री श्री गोदारा ने कल्याणसर, रामसर, मूंडसर, सीथल, बेलासर और गुसाईंसर सहित कई गांवों में बुनियादी सुविधाओं से जुड़े अनेक कार्यों की सौगात दी। उन्होंने कल्याणसर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 24 लाख रुपए की लागत से निर्मित दो कक्षा-कक्षों का लोकार्पण किया। रामसर में 94.64 लाख की पानी की टंकी, 45 लाख के चार कक्षा-कक्ष, 20 लाख का टीन शेड व कक्षा-कक्ष और 55 लाख रुपए की लागत से निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया। साथ ही 30 लाख रुपए की लागत से बनने वाली उप स्वास्थ्य केंद्र की चारदीवारी, सीसी ब्लॉक तथा मेघवाल मोहल्ले के विद्यालय में 65.73 लाख के कार्यों का शिलान्यास। इस अवसर पर स्व. श्री गणेशाराम चौधरी की मूर्ति का अनावरण भी किया गया।

श्री गोदारा ने मूंडसर में 35.54 लाख रुपए के ट्यूबवेल तथा 55 लाख रुपए की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का शिलान्यास, सीथल के अंबेडकर वाचनालय में 7 लाख रुपए से फर्नीचर/विकास कार्य तथा सीथल से नापासर रेलवे स्टेशन तक 1 करोड़ रुपए की लागत से बनी 3 किमी सड़क का लोकार्पण किया। बेलासर में 55 लाख का उप स्वास्थ्य केंद्र भवन, 6 लाख रुपए की लागत से बनी चारदीवारी, 33/11 केवी जीएसएस पर 5 एमवीए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर का लोकार्पण किया। यहीं बेलासर से नापासर-गुसाईंसर सड़क के 5 किमी हिस्से का शिलान्यास, वार्ड 4 में श्मशान भूमि पर 1 लाख रुपए की लागत से बनी चारदीवारी, 11 लाख रुपए की लागत से बने जल हौद लोकार्पण किया। इसी क्रम में 9.95 लाख रुपए की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का शिलान्यास किया। शेरेराम के घर से सावत राम के घर की तरफ 10 लाख रुपए की लागत से सीसी ब्लॉक सड़क में चौक निर्माण कार्य, संस्कृत विद्यालय में 3.25 लाख रुपए की लागत से प्याऊ निर्माण एवं दो कमरों की छत पर टाइल्स एवं रंग रोगन कार्य, पीर गोविंददास के मंदिर के पीछे शमशान भूमि में जल कुंड में टीन शेड निर्माण का 7 लाख रुपए  तथा सार्वजनिक पार्क के पास सार्वजनिक शौचालय निर्माण का 3 लाख रुपए की लागत से लोकार्पण किया।

उन्होंने गुसाईंसर में 2 करोड़ की लागत से तैयार 2 किमी अटल पथ, 99.43 लाख की पानी की टंकी व ट्यूबवेल का लोकार्पण तथा स्कूल में 45 लाख रुपए की लागत से बनने वाले चार कक्षा-कक्षों का शिलान्यास किया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प और विजन जनहितकारी है। सरकार के प्रयासों से आमजन का जीवन स्तर सुधरा है और सरकार के प्रति आमजन का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विकास को और अधिक गति मिलेगी। गांव-गांव को मुख्य धारा से जोड़ा जाएगा। इन क्षेत्रों में शिक्षा, चिकित्सा एवं पेयजल, विद्युत और सड़क तंत्र सुदृढीकरण की दिशा में नए कीर्तिमान स्थापित होंगे।