{"vars":{"id": "127470:4976"}}

विप्र फाउंडेशन के संस्थापक संयोजक सुशील ओझा का जन्मोत्सव सेवा, समर्पण, गौसेवा एवं पौधरोपण के साथ मनाया गया

 

RNE Bikaner 

विप्र फाउंडेशन के संस्थापक संयोजक एवं समाजसेवी आदरणीय श्री सुशील ओझा के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर "सेवा और समर्पण का उत्सव" देशभर में विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से मनाया गया। इसी क्रम में विप्र फाउंडेशन, जोन 1 बी, बीकानेर द्वारा जैसलमेर रोड स्थित सांऊ बाबा मंदिर गौशाला में गौसेवा एवं निकटवर्ती गौचर भूमि में पौधरोपण का आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम के दौरान गौमाता को हरा चारा, गुड़ एवं अन्य पौष्टिक आहार अर्पित कर गौसेवा की गई। इसके पश्चात गौचर भूमि में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित गौसेवा का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि गौसेवा और वृक्षारोपण भारतीय संस्कृति के ऐसे श्रेष्ठ संस्कार हैं, जो प्रकृति, पर्यावरण एवं समस्त जीव-जगत के कल्याण का संदेश देते हैं।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आदरणीय सुशील ओझा ने विप्र फाउंडेशन की स्थापना कर समाज को सेवा, संगठन, संस्कार एवं समरसता का एक सशक्त मंच प्रदान किया है। उनके नेतृत्व में विप्र फाउंडेशन आज शिक्षा, स्वास्थ्य, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण, युवा सशक्तिकरण एवं विभिन्न सामाजिक सरोकारों से जुड़े सेवा कार्यों के माध्यम से देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। उनके जन्मोत्सव को "सेवा और समर्पण का उत्सव" के रूप में मनाने का उद्देश्य समाज में सेवा, संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।

  

इस अवसर पर विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय सचिव भंवर पुरोहित, प्रदेश अध्यक्ष धनसुख सारस्वत, प्रदेश संगठन महामंत्री दीपक हर्ष, नारायण पारीक, चंद्रकला आचार्य, अमित व्यास, पंकज पीपलवा, एडवोकेट राम स्वरूप हर्ष, एडवोकेट पवन पुरोहित, नंद किशोर गालरिया, सौरभ तथा मास्टर पवन पुरोहित सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने आदरणीय सुशील ओझा के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना करते हुए समाजसेवा, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं संगठन सशक्तिकरण के कार्यों को और अधिक गति देने का सामूहिक संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम का वातावरण सेवा, समर्पण एवं भारतीय संस्कृति के आदर्शों से ओत-प्रोत रहा।