Futsal for All Day : बीकानेर फुटबॉल क्लब के फुट्सल टूर्नामेंट शुरू, गोल की बारिश, मैच का रोमांच
Rudra News Express Bikaner.
ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) के अभियान ‘फुट्सल फॉर ऑल डे 2026’ के तहत बीकानेर फुटबॉल क्लब के तत्वावधान में फुट्सल टूर्नामेंट (नाइट टूर्नामेंट) का शुभारंभ 13 अगस्त को डगआउट एस्ट्रो टर्फ, सागर में हुआ। उद्घाटन के साथ ही पहले दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और गोलों की जमकर बारिश हुई।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि क्रीड़ा भारती के उपाध्यक्ष दानवीर सिंह भाटी रहे, जबकि फुटबॉल कोच तरुण कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और उन्हें खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
आयोजन सचिव भैरूरतन ओझा ने बताया कि नाइट टूर्नामेंट में विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराने के साथ बीकानेर में फुट्सल खेल को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पहले दिन ये रहे मुकाबलों के नतीजे :
* बीकानेर फुटबॉल क्लब ने **ब्रिंदावन एफसी (बी) को 10-3 से हराया।
* फ्रेंड्स एफसी और एसपीएमसी के बीच मुकाबला 2-2 से बराबरी पर रहा। टाई ब्रेकर में फ्रेंड्स एफसी ने 2-1 से जीत दर्ज की।
* एमबीसी ने आयरन एफसी को 4-0 से शिकस्त दी।
* ब्रिंदावन एफसी (ए) ने उबर्स एफसी को 8-2 से हराया।
* दिन के अंतिम मुकाबले में राजस्थान पुलिस ने सुपर सेवन को 6-2 से पराजित किया।
पहले दिन के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने तेज-तर्रार और आक्रामक फुट्सल का प्रदर्शन किया। उद्घाटन अवसर पर देवेंद्र सिंह भाटी, कार्तिक पालीवाल, राहुल ओझा, राजेंद्र सिंह राठौड़, गौतम ओझा और यशवर्द्धन राजपुरोहित सहित खेल जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।