Border एरिया में निर्माण तोड़ने के खिलाफ गोविंदराम मैदान में, 01 को कलेक्ट्रेट में पड़ाव
RNE Bikaner.
बीकानेर के पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल एक बार फिर शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों को तोड़े जाने की प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में 1 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कर्मचारी मैदान में विशाल गांधीवादी महापड़ाव और धरना आयोजित किया जाएगा। आयोजकों का दावा है कि जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से 'छत्तीस कौम' के हजारों लोग इस आंदोलन में शामिल होंगे।
धरने की तैयारियों को लेकर शनिवार को गोविंदराम मेघवाल की अगुवाई में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों के कई सरपंच, सामाजिक प्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर रणनीति बनाई गई और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर के माध्यम से सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि 20 जून को सीमावर्ती क्षेत्रों में बिना पूर्व सूचना और कानूनी प्रक्रिया पूरी किए कुछ धार्मिक स्थलों को ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई को रोकने तथा प्रभावित धार्मिक स्थलों के पुनर्निर्माण की मांग उठाई गई।
ये हैं प्रमुख मांगें
ग्राम बांडका की मस्जिद, पहलवान का बैरा की दरगाह और आडूरी की दरगाह का सरकारी स्तर पर ससम्मान पुनर्निर्माण।
सीमावर्ती क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों पर किसी भी कार्रवाई से पहले पूरी कानूनी प्रक्रिया अपनाने और मनमानी कार्रवाई पर रोक।
संविधान के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग।
अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितताओं समेत अन्य बड़े धार्मिक स्थलों की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग।
जिले के मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, दरगाह, ईदगाह, मदरसा, श्मशान और कब्रिस्तान सहित सार्वजनिक धार्मिक स्थलों के लंबित पट्टों के लिए विशेष शिविर आयोजित करने की मांग।
वर्षों से बसे रिहायशी क्षेत्रों को आबादी भूमि घोषित कर काबिज परिवारों को मालिकाना हक और पट्टे देने की मांग।
कार्यक्रम समिति के प्रवक्ता मुमताज अली कंकराला ने बताया कि महापड़ाव पूरी तरह शांतिपूर्ण और गांधीवादी तरीके से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान संविधान की रक्षा का संकल्प लिया जाएगा और आमजन से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।