बीकानेर के करणी सिंह स्टेडियम ऑडिटोरियम में जिम्नास्टिक के हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को किया दंग
Rudra News Express Bikaner.
हवा में कलाबाजी, पलभर में साथी खिलाड़ी को कंधों से ऊपर उछालना और हवा में ही शरीर को गेंद की तरह मोड़कर शानदार संतुलन के साथ नीचे उतरना... ये किसी सर्कस का खेल नहीं, बल्कि राजस्थान के स्कूली खिलाड़ियों की अद्भुत खेल प्रतिभा है। बीकानेर का मल्टीपर्पज करणी सिंह स्टेडियम ऑडिटोरियम इन दिनों ऐसे ही हैरतअंगेज जिम्नास्टिक करतबों का गवाह बना हुआ है।
यहां चल रही 70वीं राज्य स्तरीय जिम्नास्टिक खेलकूद प्रतियोगिता मंगलवार को छठे दिन निर्णायक दौर में पहुंच गई। एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक के मुकाबलों में जोधपुर, नागौर, जयपुर, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर और पाली के खिलाड़ियों ने ताकत, संतुलन, लचीलापन और आपसी तालमेल का ऐसा प्रदर्शन किया कि दर्शक भी रोमांचित हो उठे।
एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक में खिलाड़ियों की जोड़ी और समूह ने एक-दूसरे के सहारे हवा में ऐसे करतब दिखाए कि कुछ क्षणों के लिए नजरें थम गईं। किसी खिलाड़ी को साथी ने हवा में उछाला तो किसी ने ऊंचाई पर पहुंचकर शरीर को मोड़ते हुए संतुलन साधा। हर प्रस्तुति में ताकत के साथ सटीक टाइमिंग और टीमवर्क की परीक्षा हुई।
छह दिन से जारी है खेल प्रतिभाओं का संगम :
प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। छह दिनों से करणी सिंह स्टेडियम ऑडिटोरियम में चल रही प्रतियोगिता ने बीकानेर को प्रदेश की उभरती जिम्नास्टिक प्रतिभाओं के बड़े मंच में बदल दिया है। मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ अनुशासन और खेल भावना भी नजर आई।
ये बोले अधिकारी:
जिला शिक्षा अधिकारी रामगोपाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों का उत्साह और अनुशासन बताता है कि राजस्थान में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं केवल पदक हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि खिलाड़ियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और चुनौतियों से मुकाबला करने की क्षमता विकसित करने का भी मंच हैं।
कल होगा फैसला, विजेताओं का ऐलान :
प्रतियोगिता का भव्य समापन समारोह बुधवार, 7 अक्टूबर को होगा। अंतिम मुकाबलों के बाद विभिन्न वर्गों के विजेताओं की घोषणा की जाएगी और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। छह दिन तक चले इस खेल आयोजन के अंतिम दिन को लेकर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है।
टीमवर्क:
आयोजक विद्यालय की प्रधानाचार्य लाजवंती ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए शिक्षा विभाग, निर्णायकों, प्रशिक्षकों और आयोजन से जुड़े कार्मिक लगातार समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने के साथ व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इनकी रही भागीदारी:
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) किशनदान चारण, लेडी एल्गिन स्कूल की व्याख्याता एवं शारीरिक शिक्षिका सुधा व्यास, शारीरिक शिक्षक शिवराज सिंह, नारायण दास पणिया, रामकुमार, पवन नायक, संतोष नायक, शिव नायक, राजेश नायक, यशपाल सिंह (जोधपुर), सुरेश खेड़िया, सुनील सैन, युद्धवीर सिंह, अजय कुमार, सुधीर शर्मा, अशोक, उपेन्द्र सिंह शेखावत एवं अमित चौधरी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।