{"vars":{"id": "127470:4976"}}

मारवाड़ जन सेवा समिति : 16 सालों से ये त्यौंहार पर होने वाले हादसों में घायलों की सेवा करने हॉस्पिटल में रहते हैं

 

RNE Bikaner.
 

जिस वक्त हम दीपावली का लक्ष्मी पूजन कर रहे होते हैं, पटाखे चलाते हुए खुशियां मानते हैं उस वक्त बीसियों कार्यकर्ता ऐसे हैं जो पटाखों से जले लोगों के सेवा कर रहे होते हैं। ये स्वास्थ्यकर्मी या हॉस्पिटल के कर्मचारी नहीं वरन उस संस्था के कार्यकर्ता हैं जो होली, दीपावली, आखातीज जैसे त्यौहारों के मौके पर दुर्घटनाओं के देखते हुए खासतौर पर सेवा देने के लिए तत्पर रहते हैं।
 

दरअसल यहां बात हो रही है बीकानेर की मारवाड़ जनसेवा समिति की। मारवाड़ जन सेवा समिति द्वारा दीपावली के मद्देनजर पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में 19 से 21 अक्टूबर तक विशेष सेवाएं दी जाएंगी। इस संबंध में समिति पदाधिकारियों ने गुरुवार को ट्रोमा सेंटर के सीएमओ डॉ एलके कपिल से मुलाकात की और अनुमति के लिए पत्र दिया गया। समिति अध्यक्ष रमेश व्यास ने बताया कि समिति द्वारा गत 16 वर्षों से लगातार दीपावली पर विशेष सेवाएं दी जा रही हैं।
 

इस बार भी समिति की टीम राउंड द क्लॉक मौजूद रहेगी। अध्यक्ष ने बताया कि दीपावली पर्व के दौरान पटाखों से जलने वाले व्यक्ति को कम से कम समय में उपचार उपलब्ध हो सके, इसके लिए समिति के सदस्यों द्वारा हरसंभव प्रयास किए जाते हैं। इस दौरान मुनीराम सोनी, विनोद पांडे, महेंद्र चावरिया, हरि किशन सिंह राजपुरोहित सहित विभिन्न लोग मौजूद रहे।