रात तक चुनाव सामग्री जमा कराई तो अगले दिन ऑफिस जाने की जरूरत नहीं, जानें क्या है आदेश
Rudra News Express Bikaner.
मतदान के बाद चुनाव सामग्री वापस जमा कराने में यदि मतदान कार्मिकों को देर रात तक रुकना पड़ता है, तो उनके लिए भी प्रशासन ने महत्वपूर्ण व्यवस्था की है। सामग्री वापसी में देर रात होने की स्थिति में संबंधित कार्मिक को अगले दिन भी चुनाव ड्यूटी पर ही माना जाएगा। उसे अगले दिन अपने संबंधित विभाग में जाकर नियमित उपस्थिति दर्ज कराने की आवश्यकता नहीं होगी।
यानी मतदान करवाने के बाद यदि कर्मचारी देर रात तक ईवीएम और चुनाव सामग्री जमा कराने में व्यस्त रहते हैं, तो उन्हें अगले दिन सुबह जल्दी अपने नियमित कार्यालय पहुंचने की चिंता नहीं करनी होगी। इसके लिये बीकानेर जिला प्रशासन ने आदेश जारी किये हैं।
दरअसल बीकानेर में नगर निगम चुनाव के बाद अब जिले की छह नगर पालिकाओं के चुनाव पर निगाहें टिक गई हैं। शुक्रवार को नोखा, श्रीडूंगरगढ़, देशनोक, नापासर, लूणकरणसर और खाजूवाला में मतदान होगा। इन छह निकायों के 190 वार्डों में मतदान होगा। इन नगर पालिकाओं में कुल 1 लाख 66 हजार 355 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित मतदान केन्द्रों पर होगा।
234 मतदान दल,936 कार्मिक संभालेंगे मतदान की जिम्मेदारी :
छह नगर पालिकाओं में मतदान के लिए कुल 234 मतदान दल लगाए गए हैं। इन दलों में पीठासीन अधिकारी के साथ प्रथम, द्वितीय और तृतीय मतदान अधिकारी शामिल हैं। कुल 936 कार्मिक चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाएंगे। ये 234 मतदान दल ईवीएम और मतदान सामग्री के साथ अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। प्रशासन ने मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं।