{"vars":{"id": "127470:4976"}}

जनरंजन : पंचायती राज चुनाव जीतकर कांग्रेस ने भाजपा में मचाई खलबली, भाजपा अब कैसे लगाएगी परिवारवाद का आरोप, कांग्रेस के भीतर की राजनीति में डोटासरा शक्ति बन उभरे, गहलोत समर्थक नेता आये हाशिये पर

 

 

 

 

पंचायत राज के चुनाव परिणामों ने प्रदेश की राजनीति में बड़े उलटफेर के संकेत दे दिए हैं। 37 जिला प्रमुखों के चुनाव परिणाम घोषित हुए हैं, 4 जिलों के 17 दिसम्बर को घोषित होंगे। इन 37 में से कांग्रेस ने 24 व भाजपा ने 10 जिला प्रमुख बनाये हैं। अन्यों यानी बाप व आरएलपी ने 3 जिलों में प्रमुख बनाये हैं। वहीं कांग्रेस ने दूसरे दिन 25 उप जिला प्रमुख, भाजपा ने 8 उप जिला प्रमुख ही बनाये। एक तरह से भाजपा पंचायत राज चुनावों में करारी हारी।


मधु आचार्य ' आशावादी '

सत्ता के दूसरे सेमीफाइनल पंचायत राज चुनाव में कांग्रेस ने बड़ी जीत हासिल करके भाजपा को बहुत पीछे धकेल दिया। चुनाव में हालांकि भाजपा को केवल 8 जिलों में बहुमत हासिल हुआ था, मगर सत्ता होने के कारण जोड़ - तोड़ से उसने 10 जिला प्रमुख बना लिए। उसमें भी चूरू जिले में पीछे रहकर भी क्रॉस वोटिंग के जरिये भाजपा नेता राजेन्द्र राठौड़ ने अपनी पुत्रवधु कनिका राठौड़ को व्यक्तिगत मेहनत से जिताया। मगर 37 में से केवल 10 जिला प्रमुख सत्ताधारी पार्टी के बने, इसे तो करारी हार ही कहा जायेगा।
ठीक इससे उलट कांग्रेस भीतर की गुटबाजी से पूरी तरह ग्रस्त थी, बड़े नेताओं के धड़े अलग अलग साफ दिख रहे थे, इसके बावजूद भी कांग्रेस ने 24 जिला प्रमुख अपने बना लिए। इसे बड़ी जीत कहा जाना चाहिए।
पंचायत राज चुनाव के 41 में से 37 जिलों के आये चुनाव परिणामों से यह तो स्पष्ट है कि राज्य की भजनलाल सरकार के कामकाज से ग्रामीण जनता पूरी तरह नाराज है। इन चुनावों में जनता ने भाजपा को हराकर स्पष्ट संकेत दे दिया है कि अगला विधानसभा चुनाव उनके लिए आसान नहीं है। विदित रहे कि स्थानीय निकाय चुनाव में भी भाजपा को राज्य में कांग्रेस से केवल 0.94 प्रतिशत मत ही अधिक मिले थे। स्थानीय निकाय चुनाव व पंचायत राज चुनाव के परिणाम भाजपा के लिए चेतावनी है। जनता का साफ संदेश है कि अगले विधानसभा चुनाव में वो भाजपा पर कैसे भरोसा करे, इन चुनावों को इसी वजह से 2028 के विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल कहा गया था।

कांग्रेस ने जीतकर भाजपा में मचाई खलबली

पंचायत चुनाव के परिणामों से भाजपा के भीतर पूरी तरह से खलबली मच गई है। भाजपा का केंद्रीय नेतृत्त्व भी इन परिणामों को लेकर बेहद चिंतित हो गया है और उसने गहन समीक्षा आरम्भ कर दी है। परिणामों के तुरन्त बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ व चारों महामंत्रियों, महामंत्री संगठन व भाजपा प्रदेश प्रभारी को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पूरी रिपोर्ट के साथ दिल्ली तलब किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन व संगठन महामंत्री बी एल संतोष ने इन सभी नेताओं से बैठकें करके हार की समीक्षा आरम्भ की है। लगता है इस मंथन से संगठन को लेकर केंद्रीय नेतृत्त्व कोई अमृत निकालने की कोशिश करेगा।
वहीं भाजपा के भीतर की खलबली को इस बात से आंका जा सकता है कि कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने हार पर टिप्पणी करते हुए हरियाणा की तर्ज पर नेतृत्त्व परिवर्तन तक की बात कह दी। हालांकि बाद में उन्होंने अपना बयान वापस ले लिया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ ने हार की जिम्मेदारी मीडिया के सामने ली, मगर सीएम ने कोई जिम्मेदारी नहीं ली। बड़ा सच यह है कि टिकट वितरण व चुनाव की कमान स्थानीय विधायक व सांसद को दी गयी थी। प्रदेश संगठन व सरकार ने उनके बीच मे कोई हस्तक्षेप भी नहीं किया। 

स्थानीय संगठन को भाजपा ने रखा दूर

संभवतः ऐसा पहली बार हुआ कि चुनावों में भाजपा ने अपने संगठन को दूर रखा। जबकि अब तक तो हर चुनाव में संगठन की मुख्य भूमिका रहती आयी है। इस बार सरकार ने अपने विधायकों को खुश रखने के लिए शायद अपनी व्यवस्था में परिवर्तन किया। टिकट वितरण का पूरा काम स्थानीय निकाय चुनाव व पंचायत राज चुनावों में पूरी तरह से विधायकों, सांसदों व विधायक का चुनाव लड़ें नेताओं के जिम्मे किया। क्योंकि अधिकतर विधायक नाराज हैं। न तो मंत्रिमंडल विस्तार हुआ है और न ही राजनीतिक नियुक्तियां। इस वजह से चुनावों में उनको तरजीह मिली, संगठन इसमें दरकिनार हो गया। बस, यहीं से सत्ता व संगठन के बीच तालमेल टूट गया और उसका असर चुनाव परिणामों पर पड़ा।

भाजपा भी परिवारवाद से अछूती नहीं रही

भाजपा आरम्भ से ही पूरे देश में कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाती रही है। मगर इन पंचायत राज चुनावों में तो भाजपा भी परिवारवाद से अछूती नहीं रह सकी। स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा इसका बड़ा उदाहरण है। उनकी पत्नी, पुत्र व भाभी ने चुनाव लड़ा। तीनों हार गए। उनके एक पुत्र ने यह कहते हुए निर्दलीय चुनाव लड़ा कि लोगों का भाजपा के चुनाव चिन्ह से भरोसा उठ गया है। हालांकि ये पुत्र भी चुनाव हार गया, मगर चंद वोटों से। खर्रा के पार्टी टिकट पर लड़े परिजन इससे ज्यादा वोटों से चुनाव हारे।
चूरू में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के पुत्र व पुत्रवधु ने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा। राठौड़ की पुत्रवधू को चुनाव इस वजह से लड़ाया गया कि वो जिला प्रमुख बन जाये। भाजपा को बहुमत नहीं मिला पर राठौड़ ने क्रॉस वोटिंग से अपनी पुत्रवधु को जिला प्रमुख जीता लिया। अब भाजपा इस तरह के उदाहरणों के बाद कैसे कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाएगी।

डोटासरा कांग्रेस में शक्ति बनकर उभरे

कांग्रेस के भीतर पूर्व सीएम अशोक गहलोत व पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के दो गुट माने जाते हैं। पंचायत राज चुनाव के बाद कांग्रेस में पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा एक बड़ी शक्ति बनकर उभरे हैं और उनका भी एक तकडा शक्तिशाली गुट खड़ा हो गया है। यह गुट पायलट के प्रति तो सॉफ्ट है, क्योंकि उनके हाईकमान से अच्छे संबंध है। जबकि यह गुट गहलोत को हाशिये पर लाने का कोई अवसर नहीं छोड़ते। डोटासरा अनेक बार गहलोत के काम को लेकर अपनी नाराजगी के तेवर सार्वजनिक रूप से भी दिखा चुके हैं। बांसवाड़ा के कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में आने के अवसर पर उनके पहले गहलोत के निवास जाने पर, चौथी बार गहलोत के सीएम बनने के नारे पर, वे तेवर दिखा चुके हैं। आने वाले समय मे यह तकरार बढ़ती ही नजर आ रही है। गहलोत को इस तरह नजरअंदाज करना आसान नहीं।

गहलोत इन चुनावों में बेअसर दिखे

राजस्थान की राजनीति में गहलोत को कांग्रेस नजरअंदाज कर ही नहीं सकती, मगर इस बार पंचायत राज चुनाव में उनका बड़ा दखल नहीं दिखा। गहलोत के खास समर्थक व पूर्व मंत्री गोविंद मेघवाल की पुत्री सरिता चौहान को वे जिला प्रमुख का टिकट नहीं दिला सके। सरिता चौहान ने निर्दलीय चुनाव लड़ा तो पीसीसी चीफ डोटासरा ने चुनाव प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार ही नहीं किया और परिणाम के साथ ही गोविंद मेघवाल की पुत्री को पार्टी से 6 साल के लिए निष्काषित कर दिया। खुद मेघवाल की रिपोर्ट एआईसीसी को भेज दी गयी। प्रधान के चुनाव में भी उनके पुत्र को टिकट नहीं दिया, वे निर्दलीय चुनाव लड़कर जीते। जबकि मेघवाल सदा गहलोत के साथ दिखे हैं। उनके व डूडी समर्थकों के बीच हुई टकराहट में भी मेघवाल सीधे गहलोत के पास ही पहुंचे थे। राजनीतिक गलियारों में यह माना जा रहा है कि मेघवाल की पुत्री के निष्कासन, पुत्र को टिकट बहुमत के बाद भी न देने से डोटासरा ने कोई छिपा संदेश गहलोत को दिया है। हालांकि इससे कांग्रेस को आगामी चुनावों में नुकसान होगा, यह निश्चित है। क्योंकि गोविंद मेघवाल भी बीकानेर के कद्दावर नेता है।