{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Jhunjhunu : 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आई मिक्सर मशीन,08 मजदूरों की मौत, 03 घायल

 

Rudra News Express Jaipur-Jhunjhunu.

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में दर्दनाक हादसे में 08 मजदूरों की मौत हो गई और 03 घायल हो गए। हादसा जिले के उदयपुरवाटी क्षेत्र में सड़क निर्माण के दौरान हुआ। यहां छापोली गांव में कदम कुंड के पास रोड़ी-बजरी मिलाने वाली मिक्सर मशीन का हाइड्रोलिक जैक 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट की चपेट में आने से 8 मजदूरों की जान चली गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

दरअसल छापोली से कदम कुंड की ओर जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके लिए रोड़ी-बजरी मिलाने के लिए मिक्सर मशीन लगाई गई थी। इसी मशीन का ऊपरी हिस्सा हाईटेंशन लाइन से छू गया।

 

इससे 11 हजार वोल्ट का करंट मशीन में फैल गया और काम कर रहे मजदूर चपेट में आ गए। करंट इतनी तेजी से फैला कि मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। सभी मृतक मजदूर स्थानीय निवासी थे।

CM भजनलाल ने दिए जांच के निर्देश :

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने और जिला कलेक्टर से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने भी मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी।