"खेलो बीकानेर" : 12 मैदानों पर पांच दिन तक चला खेलों का महाकुंभ, विजेता टीमों को सोमवार को ट्रॉफी व पुरस्कार से किया जाएगा सम्मानित
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर में 13 जुलाई से शुरू हुए 'खेलो बीकानेर यूथ गेम्स-2026' का सोमवार को भव्य समापन होगा। पांच दिनों तक शहर के 12 विभिन्न खेल मैदानों पर चले इस खेल महाकुंभ में 18 खेलों के 3000 से अधिक खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं ने पूरे शहर को खेलमय बना दिया, जहां सुबह से देर रात तक मुकाबलों का रोमांच छाया रहा।
आयोजन संयोजक रविंद्र हर्ष ने बताया कि प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक और खेल प्रेमी मैदानों में पहुंचे। क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन, शतरंज और योग प्रतियोगिताओं में सबसे अधिक दर्शक जुटे, वहीं बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, तीरंदाजी और शूटिंग में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
बीती रात आयोजित समारोह में विभिन्न खेलों के विजेताओं को पदक प्रदान किए गए। समारोह के मुख्य अतिथि नगर विधायक जेठानंद व्यास तथा अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. रामगोपाल शर्मा ने की। दोनों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बीकानेर को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का माध्यम बन रहे हैं।
लोडा मोड़ा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित समारोह में विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि लगातार तीसरे वर्ष आयोजित 'खेलो बीकानेर यूथ गेम्स' स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने आयोजन समिति और नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन की सराहना करते हुए कहा कि सरकार भी खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. रामगोपाल शर्मा ने कहा कि यह प्रतियोगिता विद्यालयी खेलों से पहले खिलाड़ियों के लिए उत्कृष्ट अभ्यास मंच साबित हो रही है, जिससे उनका आत्मविश्वास और कौशल दोनों बढ़ रहे हैं।
ज्योति प्रकाश रंगा ने बताया कि सोमवार को होने वाले समापन समारोह में विभिन्न खेलों की विजेता टीमों और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
प्रमुख परिणाम : बास्केटबॉल
बालिका वर्ग: प्रथम– राजकीय महारानी गर्ल्स स्कूल, द्वितीय– RYCC
बालक वर्ग: प्रथम– रेलवे क्लब, द्वितीय– केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-3, नाल
फुटबॉल :
बालिका वर्ग:प्रथम– MUFC, द्वितीय– MBC
बालक (कनिष्ठ): प्रथम– SFA, द्वितीय– MUFC
बालक (वरिष्ठ): प्रथम– SFA, द्वितीय– BFC