{"vars":{"id": "127470:4976"}}

खेलो बीकानेर यूथ गेम्स 3.0 : खेलों में 3 हजार से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगे दम, वर्ल्ड नंबर-1 तीरंदाज शीतल देवी रहेंगी मुख्य आकर्षण

 

Rudra News Express Bikaner. 

बीकानेर के सबसे बड़े मल्टी-स्पोर्ट्स आयोजन "Khelo Bikaner Youth Games 3.0" का सोमवार से भव्य आगाज होगा। "खेलेगा बीकानेर – बढ़ेगा बीकानेर" थीम पर आयोजित पांच दिवसीय खेल महोत्सव का उद्घाटन 13 जुलाई को शाम 5:15 बजे पुष्करणा स्टेडियम में होगा। उद्घाटन समारोह में भव्य मार्च पास्ट, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, शानदार आतिशबाजी और देश-प्रदेश के विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी आयोजन को यादगार बनाएगी।

नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में इस वर्ष 18 खेलों को शामिल किया गया है। प्रतियोगिताओं में 3 हजार से अधिक खिलाड़ी, बड़ी संख्या में तकनीकी अधिकारी, वालंटियर्स और हजारों खेल प्रेमियों के भाग लेने की संभावना है।

आयोजन समिति के अनिल जोशी ने बताया कि पिछले दो सफल संस्करणों के बाद यह आयोजन राजस्थान के सबसे बड़े क्षेत्रीय मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को एक समान मंच उपलब्ध कराना और जिले में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।

शीतल देवी रहेंगी मुख्य आकर्षण : 

उद्घाटन समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण विश्व की नंबर-1 पैरा तीरंदाज शीतल देवी होंगी। उनके अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बीकानेर का नाम रोशन करने वाले कई खिलाड़ी, प्रशासनिक अधिकारी, उद्योगपति, खेल प्रशासक और खेल प्रेमी भी समारोह में शामिल होंगे।

इन 18 खेलों में होगा मुकाबला : 

अनिल जोशी ने बताया कि प्रतियोगिताओं में तीरंदाजी, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, क्रिकेट, फुटबॉल, वेटलिफ्टिंग, पावरलिफ्टिंग, शूटिंग, स्केटिंग, स्विमिंग, टेबल टेनिस, टेनिस, वॉलीबॉल, योग, कुडो सहित कुल 18 खेल शामिल किए गए हैं। सभी प्रतियोगिताएं संबंधित खेल महासंघों के नियमों के अनुरूप आयोजित होंगी।

विजेताओं को मिलेगा सम्मान : 

फाउंडेशन की डायरेक्टर पूजा आचार्य ने बताया कि विजेता खिलाड़ियों को आकर्षक मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों, वालंटियर्स तथा खेलों के विकास में योगदान देने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

अलग-अलग समितियों को सौंपी जिम्मेदारी : 

सहसंयोजक ज्योति प्रकाश रंगा के मुताबिक आयोजन के सफल संचालन के लिए सभी 18 खेलों की अलग-अलग तकनीकी समितियां बनाई गई हैं। अनुभवी प्रशिक्षकों और विशेषज्ञों को प्रतियोगिताओं के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं मीडिया, समन्वय, तकनीकी और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के लिए भी अलग-अलग समितियां गठित की गई हैं।