{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Laxminath Mandir to Har ki Poudi : निर्जला एकादशी, स्नान, ध्यान, दान, व्रत, सेवा यानी श्रद्धा का सैलाब

 

RNE Bikaner-Haridwar.

निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर गुरुवार को देशभर में आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। छोटी काशी कहे जाने वाले बीकानेर से लेकर धर्मनगरी हरिद्वार तक श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। कहीं मंदिरों में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगीं तो कहीं घाटों पर पवित्र स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। स्नान, ध्यान, व्रत, दान और सेवा के इस महापर्व ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

बीकानेर में नगरसेठ लक्ष्मीनाथ मंदिर के बाहर अलसुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और बुजुर्गों सहित हजारों श्रद्धालु ठाकुरजी के दर्शन के लिए उत्सुक नजर आए। भीषण गर्मी के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। कतारों में खड़े श्रद्धालुओं की सेवा के लिए जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए, जहां जल, शर्बत, ठंडाई, छाछ और अन्य शीतल पेय वितरित किए गए।

शहर के विभिन्न मार्गों पर सेवा का ऐसा भाव दिखाई दिया मानो पूरा बीकानेर एक विशाल सेवा केंद्र में बदल गया हो। कहीं राहगीरों को आइसक्रीम खिलाई जा रही थी तो कहीं फलाहारी चिप्स और अन्य खाद्य सामग्री प्रेमपूर्वक भेंट की जा रही थी। हर कदम पर सेवा और पुण्य का वातावरण दिखाई दिया।

देशभर के तीर्थस्थलों पर उमड़ी आस्था

निर्जला एकादशी का उत्साह केवल बीकानेर तक सीमित नहीं रहा। हरिद्वार, वाराणसी, प्रयागराज और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी लाखों श्रद्धालु पहुंचे। बीकानेर के कपिल मुनि सरोवर सहित अनेक तीर्थस्थलों पर स्नान और पूजा-अर्चना का सिलसिला दिनभर चलता रहा।

धर्मनगरी हरिद्वार में हर की पैड़ी पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। गंगा स्नान के लिए सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटने लगी। लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। घाटों पर "हर-हर गंगे" और "हर-हर महादेव" के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा।

Haridwar में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

हरिद्वार पुलिस ने मेला क्षेत्र को 4 सुपर जोन, 12 जोन और 30 सेक्टरों में विभाजित कर व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख घाटों पर बीडीएस टीम तथा डॉग स्क्वॉड लगातार निगरानी करते रहे। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के जरिए भीड़ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया, जो संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे।

सीओ सिटी शिशुपाल नेगी ने बताया कि पुलिस जवानों को गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त पानी, ग्लूकोज और ओआरएस साथ रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा अफवाहों पर नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है।

हजारों सुरक्षा कर्मी तैनात

स्नान मेले की सुरक्षा के लिए 4 अपर पुलिस अधीक्षक, 12 पुलिस उपाधीक्षक, 19 निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष, 55 उपनिरीक्षक, 209 पुलिसकर्मी, 36 महिला कांस्टेबल, 3 घुड़सवार दल, 2 डॉग स्क्वॉड, 4 फायर टेंडर यूनिट, 14 जल पुलिस कर्मी, 14 फ्लड कंपनी कर्मी, 3 कंपनी सीएपीएफ, 200 होमगार्ड, 200 पीआरडी जवान, एसडीआरएफ की एक टीम तथा एटीएस की दो सब कंपनियां तैनात की गई हैं।