MGSU के नाम से चल रहे फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट 15 दिन में बंद नहीं किए तो होगी कानूनी कार्रवाई
May 12, 2026, 18:18 IST
RNE Bikaner.
महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय ने विश्वविद्यालय के नाम, लोगो और पहचान का दुरुपयोग कर संचालित किए जा रहे अनधिकृत सोशल मीडिया खातों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सार्वजनिक सूचना जारी कर कहा है कि Telegram, Facebook, Instagram, YouTube, WhatsApp और X जैसे प्लेटफॉर्म पर विश्वविद्यालय से मिलते-जुलते नामों और लोगो वाले कई फर्जी अकाउंट संचालित किए जा रहे हैं, जिन्हें विश्वविद्यालय की कोई अनुमति प्राप्त नहीं है।
विश्वविद्यालय ने आशंका जताई है कि ऐसे फर्जी खातों के जरिए विद्यार्थियों और आमजन को भ्रामक सूचनाएं देकर धोखाधड़ी तथा वित्तीय ठगी की जा सकती है। इससे न केवल विद्यार्थियों के हित प्रभावित हो सकते हैं, बल्कि विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंच सकता है।
सार्वजनिक सूचना में स्पष्ट किया गया है कि जो भी व्यक्ति या संस्था विश्वविद्यालय के नाम, लोगो अथवा पहचान चिह्न का उपयोग कर बिना लिखित अनुमति सोशल मीडिया अकाउंट या चैनल चला रहे हैं, वे 15 दिनों के भीतर ऐसे सभी अकाउंट स्वयं बंद या डिलीट कर दें। तय समयावधि में अनुपालन नहीं होने पर संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 और ट्रेड मार्क्स अधिनियम 1999 के विभिन्न प्रावधानों का हवाला देते हुए चेतावनी दी है कि दोषी पाए जाने पर कारावास और जुर्माने का प्रावधान है।
विश्वविद्यालय ने बताया कि उसके अधिकृत और सत्यापित सोशल मीडिया खातों की सूची आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। विद्यार्थियों और आमजन से अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और वेबसाइट से ही जानकारी प्राप्त करें। किसी भी संदिग्ध या अनधिकृत अकाउंट की सूचना विश्वविद्यालय के ई-मेल mgscomplaint@mgsubikaner.ac.in पर देने का आग्रह किया गया है।
साथ ही शिक्षकों, विद्यार्थियों और आमजन से कहा गया है कि ऐसे फर्जी खातों को संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर “Fake Account” या “Impersonation” के रूप में रिपोर्ट करें, ताकि उनके खिलाफ शीघ्र कार्रवाई हो सके।