बीकानेर में 40 दिव्यांग प्रतिभाओं के साथ मातृ-पितृ वंदन, IAS मनु गर्ग ने बांटा संघर्ष और सफलता का मंत्र
RNE Bikaner.
सक्षम (समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल) के स्थापना दिवस पर जिला इकाई बीकानेर ने लायंस क्लब के सहयोग से शनिवार को “दिव्यांगजन मातृ-पितृ वंदन एवं सम्मान समारोह” का आयोजन किया। समारोह में 40 दिव्यांग प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके आत्मविश्वास और प्रतिभा को प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईएएस अधिकारी मनु गर्ग एवं उनकी माताजी वंदना गर्ग रहे। अध्यक्षता राजस्थान क्षेत्र के क्षेत्रीय कार्यवाह जसवंत खत्री ने की, जबकि सक्षम के प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. नीरज शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
अपने संबोधन में वंदना गर्ग ने बताया कि किस प्रकार उन्होंने अपने पुत्र मनु गर्ग की अक्षमता को विशेष क्षमता में बदलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, परिवार का सहयोग और सकारात्मक सोच किसी भी चुनौती को सफलता में बदल सकते हैं।
क्षेत्रीय कार्यवाह जसवंत खत्री ने कहा कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की पहचान नहीं, बल्कि समाज की सोच का विषय है। उन्होंने दिव्यांगजनों की क्षमताओं को पहचानने और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
आईएएस मनु गर्ग ने अपने संघर्ष और सफलता की यात्रा साझा करते हुए कहा कि “दिव्यांगता कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनती। आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।” उन्होंने दिव्यांगजनों और उनके अभिभावकों को आगे बढ़ने और बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. नीरज शर्मा ने सक्षम की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संगठन के दिव्यांग सेवा केंद्र के माध्यम से दिव्यांग प्रमाण-पत्र, परामर्श, पुनर्वास और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
डॉक्टर जे पी कच्छावा ने बताया कि समारोह में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन, उनके अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन दिव्यांग प्रतिभाओं के सम्मान और आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।