{"vars":{"id": "127470:4976"}}

शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की प्रगति एवं विद्यालय विकास से जुड़े मुद्दों पर हुई सार्थक चर्चा
 

 

RNE Bikaner

बीकानेर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शिवबाड़ी में शनिवार, 28 नवंबर 2026 को रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय), बीकानेर श्री रामगोपाल शर्मा ने विद्यालय के उपस्थित शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद किया तथा शिक्षा एवं विद्यालय व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की।

रात्रि चौपाल के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार, नियमित उपस्थिति, अभिभावकों की सहभागिता तथा विद्यालय के समग्र विकास जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। श्री शर्मा ने उपस्थित अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की बातों को गंभीरता से सुना तथा शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी बनाने के लिए आपसी समन्वय और सामूहिक सहभागिता के महत्व पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि विद्यालय की शैक्षिक उन्नति के लिए शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी तीनों की सक्रिय भूमिका आवश्यक है। इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और विश्वास को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती बबीता बिश्नोई एवं उपप्राचार्य श्रीमती अनुपमा शर्मा सहित श्री रामकिशन मान, व्याख्याता राजनीति विज्ञान श्री अमरदीप गोदारा तथा विद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

रात्रि चौपाल का आयोजन विद्यालय एवं समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।