Minister Meghwal on Bicycle: साइकिल के जन्मदिन पर काटा केक, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम ने चलाई साइकिल
Jun 7, 2026, 18:53 IST
RNE Bikaner.
विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को बीकानेर में आयोजित साइकिल रैली और "मेरी साइकिल-मेरा हेलमेट" अभियान के तहत केंद्रीय विधि एवं न्याय (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने स्वयं साइकिल चलाकर फिटनेस, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान पहली बार आयोजित साइकिल जन्मदिन समारोह में उन्होंने केक काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की।
गंगा थिएटर परिसर से शुरू हुई साइकिल रैली को केंद्रीय मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर पुनः गंगा थिएटर पहुंची। रैली के माध्यम से लोगों को फिट इंडिया अभियान, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मेघवाल ने कहा कि साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का प्रतीक है। नियमित साइकिल चलाने से शारीरिक फिटनेस बेहतर होती है, हृदय रोगों का खतरा कम होता है और मानसिक स्वास्थ्य भी मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और ईंधन खपत की चुनौतियों के बीच साइकिल सबसे पर्यावरण-अनुकूल परिवहन साधनों में से एक है।
उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि जागरूकता ही दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने "मेरी साइकिल-मेरा हेलमेट" अभियान को जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए आयोजकों की सराहना की।
जिला खेल अधिकारी सुरेन्द्र हर्ष ने बताया कि कार्यक्रम में साइकिलिंग के अलावा योग, रस्साकशी, रनिंग गतिविधि और जुंबा डांस जैसे आयोजन भी किए गए, जिनमें युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षक भुवनेश पुरोहित की टीम ने योग प्रदर्शन किया, जबकि नगर निगम की ओर से प्रतिभागियों के लिए फल और जूस की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी, एडीएम उम्मेद सिंह रतनू, एडिशनल एसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़, हाल ही में आईपीएस में चयनित सुनील गोदारा, कोषाधिकारी धीरज जोशी, सीओ सिटी अनुज डाल, जिला साइकिलिंग संघ के सचिव सुरेन्द्र कुकणा, अभियान संयोजक बस्तीराम बिश्नोई, अंतरराष्ट्रीय साइकिलिस्ट दयालाराम सारण सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अधिकारी, युवा और साइकिल प्रेमी मौजूद रहे।