{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Monsoon Rajasthan: देश भीग रहा, बीकानेर तप रहा; 7-8 जुलाई को राहत की उम्मीद

 

RNE Bikaner.

देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून पूरी रफ्तार से बरस रहा है, लेकिन पश्चिमी राजस्थान का बीकानेर अब भी झुलसाने वाली गर्मी से जूझ रहा है। पिछले कई दिनों से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है और लोग बेसब्री से मानसून की पहली अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं।

हालांकि अब मौसम विभाग का ताजा पूर्वानुमान बीकानेरवासियों के लिए राहत की उम्मीद लेकर आया है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और उड़ीसा तट पर बना डिप्रेशन अगले 24 घंटों में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा, जिसका असर राजस्थान पर भी दिखाई देगा।

मौसम विभाग के अनुसार, आज बीकानेर और जोधपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद 7 और 8 जुलाई को बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

उधर, पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग में अगले 5 से 7 दिनों तक लगातार बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 6 से 9 जुलाई के बीच कोटा और उदयपुर संभाग सहित दक्षिण-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं भारी से अतिभारी वर्षा भी हो सकती है।

बीकानेर के लोगों की निगाहें अब आसमान पर टिकी हैं। उम्मीद है कि 7-8 जुलाई को मानसून की मेहरबानी होगी और भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। फिलहाल शहर की यही पुकार है—"आ भी जाओ मानसून..."

बीकानेर- जैसलमेर 42 डिग्री पार :

एक ओर जहां राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय होने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, वहीं पश्चिमी राजस्थान अब भी भीषण गर्मी से राहत का इंतजार कर रहा है। बीते 24 घंटों में जैसलमेर 42.9 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि बीकानेर 42.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, बाड़मेर में 41.6 डिग्री, श्रीगंगानगर में 41.6 डिग्री, फलोदी में 41.2 डिग्री और चूरू में 39.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

इसके विपरीत, मानसूनी बारिश के असर से पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के शहरों में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा। उदयपुर में 32.8 डिग्री, जयपुर में 33.8 डिग्री, अजमेर में 34.3 डिग्री, जोधपुर में 34.5 डिग्री और कोटा में 35.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ।

बारिश की बात करें तो बीते 24 घंटों में जोधपुर में 31.6 मिमी, जैसलमेर में 14.6 मिमी और उदयपुर में 12.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं बीकानेर, बाड़मेर, चूरू, श्रीगंगानगर, अजमेर और कोटा में बारिश नहीं हुई।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 7 और 8 जुलाई से बीकानेर और जोधपुर संभाग के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे पश्चिमी राजस्थान के लोगों को भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।