Municipal Elections Bikaner : कलेक्टर की अधिकारियों को हिदायत, आचार संहिता की पालना सख्ती से हो
Rudra News Express Bikaner.
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की घोषणा के साथ ही बीकानेर जिले में चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन ने गुरुवार को चुनाव के लिए गठित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारियों और सहप्रभारियों की बैठक लेकर आदर्श आचार संहिता की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम जारी किए जाने के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। सभी अधिकारी-कर्मचारी आयोग के निर्देशों और इलेक्शन मेनुअल का अध्ययन कर उसी के अनुरूप कार्य करें। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों को अविलंब एक्टिव मोड में आने और प्रत्येक कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
27 अगस्त से नामांकन, 4 सितंबर को चुनाव चिह्न :
राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 27 अगस्त को सदस्य पद के लिए लोक सूचना जारी होगी। इसके बाद 31 अगस्त तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा, जबकि 3 सितंबर को अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि होगी। 4 सितंबर को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।
जिले की छह नगर पालिकाओं में 9 सितंबर को मतदान होगा, जबकि बीकानेर नगर निगम के लिए 11 सितंबर को वोट डाले जाएंगे। सभी निकायों की मतगणना 14 सितंबर को होगी।
हर प्रकोष्ठ की भूमिका महत्वपूर्ण :
बैठक में निशान्त जैन ने विभिन्न प्रकोष्ठों द्वारा अब तक की गई तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक प्रकोष्ठ का काम महत्वपूर्ण है और अधिकारी-कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को स्पष्ट रूप से समझें। आयोग को भेजी जाने वाली सभी सूचनाएं समयबद्ध और सटीक होनी चाहिए।
उन्होंने दैनिक कैलेंडर निर्धारित कर उसके अनुसार कार्यवाही करने, आवश्यकता के अनुसार प्रकोष्ठों में न्यूनतम कार्मिक लगाने तथा निर्वाचन से संबंधित सभी प्रशिक्षण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार करवाने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता जागरुकता गतिविधियों को भी नियमित रूप से संचालित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी प्रत्येक कार्य राज्य निर्वाचन आयोग के इलेक्शन मेनुअल के अनुसार होना चाहिए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी, बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त धायगुडे स्नेहल नाना, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे, उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू, अतिरिक्त कलक्टर (नगर) रीना सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सहप्रभारी मौजूद रहे।