मुस्लिम एज्युकेशन प्रोग्रेसिव सोसाइटी की पहल, बीकानेर में प्रतिभाओं का सम्मान
Rudra News Express Bikaner.
मुस्लिम एज्युकेशन प्रोग्रेसिव सोसाइटी, बीकानेर की पहल पर द्वितीय जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। हस्नेन चैरिटेबल ट्रस्ट के विशाल हॉल में हुए समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता पूर्व उप महापौर मो. हारून राठौड़ ने की। मेहमान-ए-खास पूर्व महापौर हाजी मकसूद अहमद रहे। रिटायर्ड आरएएस ए.एच. गौरी, अबरार पंवार, चयनित आईएएस मुबीना खान, डॉ. अर्पिता गुप्ता, एडवोकेट सैयद अनवर अली, मौलाना मो. इरशाद काशमी, समाजसेवी इकबाल हुसैन समैजा, उस्मान गनी और खलीफा इरशाद गौरी सहित अन्य अतिथियों ने प्रतिभाओं को सम्मानित किया।
सोसाइटी की इस पहल का उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। समारोह में वक्ताओं ने बच्चों और बच्चियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने तथा आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभावान विद्यार्थियों की मदद करने पर जोर दिया।
पूर्व महापौर हाजी मकसूद अहमद ने कहा, “शिक्षा शेरनी का दूध है, जो पिएगा वो दहाड़ेगा।” उन्होंने कहा कि आज समाज के सामने शिक्षा ही सबसे बड़ा हथियार है। समाज में प्रतिभाओं की कमी नहीं है और युवा आईएएस, आईपीएस, आरएएस, पायलट, प्रोफेसर, वैज्ञानिक, डॉक्टर और इंजीनियर जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कुछ प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पातीं। ऐसे में समाज के लोगों को अनावश्यक रस्मों और खर्चों को कम कर प्रतिभावान विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग के लिए आगे आना चाहिए।