Baba Ramdev के जातरुओं की सेवा में जुटा न्यू तरुण मंडल, निःशुल्क भंडारा, 15 सितंबर तक सेवा
Rudra News Express Bikaner.
नत्थूसर बास स्थित न्यू तरुण मंडल सेवा समिति के मुख्य कार्यालय से बाबा श्री रामदेव की काष्ठ प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद सेवा दल रामदेवरा जाने वाले पैदल जातरुओं की सेवा के लिए रवाना हुआ। समिति की ओर से रानेरी गांव से करीब एक किलोमीटर पूर्व स्थित तरुण पड़ाव पर पदयात्रियों के लिए निःशुल्क भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।
समिति अध्यक्ष सुरेश सांखला ने बताया कि न्यू तरुण मंडल सेवा समिति वर्ष 1998 से लगातार बाबा रामदेव के भादवा मेले में जाने वाले सर्वधर्म के पदयात्रियों के लिए निःशुल्क भंडारे एवं सेवा कार्य करती आ रही है। पूर्व सरपंच बहादुर सिंह भाटी, सेवानिवृत्त शिक्षाधिकारी जेठमल सांखला, पूर्व पार्षद मुकेश पंवार एवं व्यवसायी कैलाश रिंटोड़ ने सेवादारों को पंचरंगा अंगवस्त्र भेंट कर रवाना किया।
नत्थूसर बास में जगह-जगह हुआ सेवा दल का सम्मान :
सेवा दल के रवाना होने के दौरान नत्थूसर बास क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा और जलपान कराकर सेवादारों का सम्मान किया। मांगीलाल सांखला परिवार तथा महावीर कुमार एवं शिवशंकर सांखला परिवार की ओर से सेवा दल का स्वागत किया गया।
इस दौरान समिति अध्यक्ष सुरेश सांखला, कोषाध्यक्ष श्याम सांखला, ओम राठी, बहादुर सिंह भाटी, मोहन गाट, महादेव सांखला, खीवराज सोनी, हनुमान सोनी, महेश ठेकेदार सहित अन्य सेवादारों का सम्मान किया गया। समिति के ओम राठी ने बताया कि तरुण पड़ाव पर सेवा कार्य एक सितम्बर से प्रारंभ हो चुका है। वर्तमान में सेवा व्यवस्था व्यापक रूप से संचालित की जा रही है और 15 सितम्बर तक पदयात्रियों के लिए भंडारा एवं अन्य सेवा कार्य जारी रहेंगे। कोषाध्यक्ष श्याम सांखला ने बताया कि समिति भामाशाहों के सहयोग से प्राप्त राशि से बाबा रामदेवजी के भेदभाव रहित समाज और मानव कल्याण* के संदेश को आगे बढ़ाते हुए सेवा कार्य करती है। शिवशंकर सांखला ने समिति के “मानव सेवा ही माधव सेवा” के उद्देश्य की सराहना करते हुए कहा कि पदयात्रियों की सेवा समाज में भाईचारे और मानवता की भावना को मजबूत करती है।