रमा एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, विवाह के निमंत्रण कार्ड लेकर बाबा के दरबार पहुंचे श्रद्धालु
RNE Bikaner
बीकानेर। जयपुर रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में रमा एकादशी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही बाबा श्याम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। गुलाबी ठंड के बीच सुबह-सुबह ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और बाबा के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मंदिर ट्रस्ट के सचिव सुरेश चंद्र भसीन ने बताया कि रमा एकादशी के अवसर पर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। आगामी वैवाहिक सीजन को देखते हुए अनेक श्रद्धालु अपने घरों में होने वाले विवाह समारोह के निमंत्रण कार्ड लेकर बाबा के दरबार में पहुंचे। श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम को विवाह का पहला निमंत्रण अर्पित कर उनके चरणों में अर्जी लगाई तथा परिवार में मांगलिक कार्य निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की।
इस दौरान मंदिर में एक अनूठा नजारा भी देखने को मिला। दूर-दराज के शहरों और प्रदेशों में रहने वाले अपने परिवारजनों एवं रिश्तेदारों को श्रद्धालुओं ने मोबाइल वीडियो कॉल के माध्यम से बाबा श्याम के दर्शन करवाए। जो परिजन किसी कारणवश मंदिर नहीं पहुंच सके, उन्होंने घर बैठे ही वीडियो कॉल के जरिए बाबा श्याम के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस तरह तकनीक के माध्यम से दूर बैठे भक्त भी बाबा की भक्ति से जुड़ते नजर आए।
मंदिर परिसर बाबा श्याम के जयकारों और भजनों से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए बाबा की महिमा का गुणगान किया। विशेष रूप से "एक आस तुम्हारी है, विश्वास तुम्हारा है, तेरे सिवा दुनिया में कौन हमारा है" भजन पर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। भक्तों ने भजनों के माध्यम से बाबा के प्रति अपनी अटूट आस्था और विश्वास प्रकट किया।
इस पावन अवसर पर बाबा श्याम का आकर्षक एवं मनमोहक श्रृंगार किया गया। बाबा का श्रृंगार चेतन शर्मा एवं किशन शर्मा द्वारा किया गया। बाबा को विभिन्न प्रकार के फल-फ्रूट एवं अनेक व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं भी प्रेषित की गईं।
रमा एकादशी के अवसर पर पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और दीपावली के पर्व पर सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की।