{"vars":{"id": "127470:4976"}}

माँ ब्रह्मचारिणी की आराधना करते हुए कन्या पूजन का आयोजन   इस अवसर पर कन्याओं का पूजन-अर्चन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।

 

RNE Bikaner

वन्देमातरम मातृशक्ति टीम बीकानेर द्वारा नवरात्रि में “नौ दिन, नौ स्वरूप, नौ दिन कन्या पूजन” की अनूठी पहल के अंतर्गत आज नवरात्रि के दूसरे दिन माँ ब्रह्मचारिणी की आराधना करते हुए कन्या पूजन का आयोजन वन्देमातरम टीम की सदस्य तारा स्वामी जी के निवास पर किया गया इस अवसर पर कन्याओं का पूजन-अर्चन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
इस अवसर पर विजय कोचर ने माँ दुर्गा के दूसरे स्वरूप माँ ब्रह्मचारिणी की महिमा बताते हुए कहा कि ‘ब्रह्म’ का अर्थ तपस्या और ‘चारिणी’ का अर्थ आचरण करने वाली होता है। माँ ब्रह्मचारिणी तप, त्याग, संयम और साधना की प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार तपस्या में एकाग्रता और लगन आवश्यक है, उसी प्रकार बच्चों के लिए मन लगाकर पढ़ाई करना भी तप के समान है। इसलिए बच्चों को माँ ब्रह्मचारिणी के स्वरूप का ध्यान करते हुए प्रार्थना करनी चाहिए, ताकि उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में एकाग्रता, धैर्य और सफलता प्राप्त हो सके।
कन्या पूजन के साथ ही आयोजन में एक विशेष प्रसंग भी जुड़ा, जब तारा स्वामी जी के बेटे मधुर का नेशनल स्विमिंग प्रतियोगिता के लिए चयन होने पर उनका सम्मान किया गया। इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कामिनी विमल भोजक मैया ने कहा कि किसी बच्चे की सफलता केवल उसकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं होती, बल्कि उसके पीछे माता-पिता के त्याग, सहयोग और संस्कारों के साथ गुरु के मार्गदर्शन एवं मेहनत का भी महत्वपूर्ण योगदान होता है।
उन्होंने इसी भावना के साथ मधुर के अलावा उनके माता-पिता और उनके कोच का भी सम्मान किया, ताकि बच्चे की सफलता के पीछे योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जा सके। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और उनकी उपलब्धियों का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
वन्देमातरम मातृशक्ति टीम की यह पहल धार्मिक आस्था के साथ-साथ संस्कार, शिक्षा, प्रतिभा सम्मान और नारी शक्ति के प्रति आदर का संदेश दे रही है।
आज के आयोजन में विजय कोचर ,कामिनी विमल भोजक मैया, जसोदा खत्री, सूरज राठौड़, तारा स्वामी, पुरुषोत्तम सुथार, कमल सैन, राजकुमारी पारीक रामचंद्र स्वामी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
वन्देमातरम मातृशक्ति टीम का संकल्प — सेवा, संस्कार, सनातन सम्मान और नारी शक्ति सम्मान।