{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Vedanta Tour The Thar :  फ्रांस, स्विट्जरलैंड, सिंगापुर समेत देश के  750 से साइकिलिस्ट बीकानेर में दमखम दिखाएंगे


केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल की एक और पहल, पहली बार आयोजित होगी 'वेदांता टूर डी थार' अंतराष्ट्रीय साइकिल रैली

नौरंगदेसर से होगी शुरुआत, जहां प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की बीकानेर के 100 साइकिल धावकों ने की थी अगवानी

पर्यावरण संरक्षण, कार्बन एमिशन, थार सस्टेनेबिलिटी, आरोग्य, खेल और पर्यटन विकास होगा मुख्य ध्येय

कई देशों के साइकिल धावक होंगे शामिल, दुनिया के नक्शे पर चमकेगा बीकानेर

केंद्रीय मंत्री मेघवाल दिखाएंगे हरी झंडी, साइकिल चलाकर देंगे संदेश, रविवार को प्रातः 6.30 बजे होगी शुरुआत

 

RNE Bikaner.
 

केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की पहल पर 100 और 200 किमी लंबी  'वेदांता टूर डी थार' अंतर्राष्ट्रीय साइकिल रैली का आयोजन 23 नवम्बर को प्रातः 6.30 बजे से होगा। इसकी शुरुआत वहीं से होगी जहां वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नौरंगदेसर दौरे के दौरान बीकानेर के 100 साइकिल धावकों ने उनकी अगवानी की और बरसात के बीच प्रधानमंत्री सभा स्थल तक प्रधानमंत्री के साथ चले। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इससे जुड़ी जानकारी दी। 
 

मेघवाल ने बताया कि साइकिल हमारी दिनचर्या से जुड़ा विषय है। यह कार्बन एमिशन कम करने और पर्यावरण को संरक्षित करने का मुख्य माध्यम है। बीकानेर में भी इसकी समृद्ध परम्परा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में फ्रांस में 'टूर डी फ्रांस' के साइक्लिंग का अंतराष्ट्रीय इवेंट होता है। इसी तर्ज पर बीकानेर में पहली बार अंतर्राष्ट्रीय स्तर की साइकिल रैली 'वेदांता टूर डी थार' का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सांसद खेल महोत्सव-2025' के निर्देशानुसार युवा मामले और खेल मंत्रालय के फिट इंडिया के सहयोग व साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तकनीकी सहयोग से किया जा रहा है। 

केन्द्रीय मंत्री श्री ने बताया कि इसकी शुरूआत प्रातः 8.15 बजे भारतमाला एक्सप्रेस वे पर यह होगी। यह नौरंगदेसर से देसलसर तक 50 किलोमीटर की दूरी में  आयोजित की जाएगी। रैली के दौरान भारतमाला की एक साइड की 50 किमी की दूरी को पूरी तरह से ट्रैफिक फ्री रखा जाएगा। 

मेघवाल ने बताया कि ग्लोबल हैप्पीनेस फाउंडेशन की ओर से प्रायोजित इस साइकिल रैली में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ साथ फ्रांस व जर्मनी के साइक्लिस्ट हिस्सा लेंगे। यह पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन नक्शे पर बीकानेर को नई पहचान दिलाएगी। इससे फिट इंडिया का संदेश जाएगा। साइक्लिंग को भी प्रोत्साहन मिलेगा। 

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि रैली में फ्रांस, स्विट्जरलैंड और सिंगापुर समेत देश के विभिन्न राज्यों के 750 से अधिक साइकिल धावक भागीदारी निभाएंगे। इसमें बीकानेर जिले के भी लगभग 250 साइक्लिस्ट शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पंजीकरण ऑनलाइन माध्यम से किया गया। हिस्सा लेने वालों में 662 पुरुष और 124 महिलाएं हैं। जिनमें 16 वर्ष से लेकर 69 वर्ष आयु तक के प्रतिभागी शामिल हैं। 

मेघवाल ने बताया यह साइकिल रैली 100  और 200 किलोमीटर की श्रेणियों में होगी। दोनों ही रैली में आयु वर्ग और ओपन कैटेगरी रखी गई है। आयु वर्ग में पुरुष और महिला दोनों के लिए 16-30 वर्ष, 31-45 वर्ष और 45 वर्ष से ज्यादा तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। वहीं ओपन कैटेगरी में किसी भी उम्र का कोई भी धावक हिस्सा ले सकेगा। प्रत्येक कैटेगरी में प्रथम तीन को पुरस्कार प्रदान किया जाएंगे। 

मेघवाल ने बताया कि प्रोफेशनल एलिट वर्ग में टॉप 10 प्रतिभागियों को महिला एवं पुरुष वर्ग में पुरस्कृत किया जाएगा। श्री मेघवाल ने बताया  कि रैली में कुल 27 लाख रुपए के पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रोफेशनल इलीट वर्ग में टॉप 10 पुरस्कार में क्रमश: सवा लाख, 90 हजार, 75 हजार, 60 हजार, 50 हजार, 40 हजार, 35 हजार, 30 हजार, 20 हजार, 15 हजार के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

मेघवाल ने बताया कि 100 किलोमीटर सोलो एमेच्योर ग्रुप पुरस्कारों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वालों को क्रमशः 70 हजार, 55 हजार और 45 हजार का पुरस्कार व विभिन्न आयुवर्गों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को क्रमश: 40 हजार, 30 हजार और 25 हजार के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। 

रायसर में होगा पुरस्कार वितरण समारोह :

मेघवाल ने बताया कि रैली का पुरस्कार वितरण समारोह रायसर स्थित भाटी डेजर्ट में 23 नवंबर को सायं 6 बजे आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन होगा। श्री सुरेंद्र कूकणा साइकिल रैली के समन्वयक होंगे।

इस दौरान फ्रांस के पीयर मिलबर्ड, ग्लोबल हैप्पीनेस फाउंडेशन के श्याम अग्रवाल, चंपालाल गैदर, श्याम पंचारिया, नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष  महावीर रांका,  अशोक प्रजापत,  दीपक पारीक सहित अनेक लोग मौजूद रहे।