PNB Bikaner : बैंक और कृषि विशेषज्ञों ने दी ऋण योजनाओं व आधुनिक खेती की जानकारी
May 8, 2026, 16:25 IST
RNE Bikaner.
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) द्वारा किसानों को कृषि ऋण योजनाओं और आधुनिक बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को बीकानेर मंडल कार्यालय में विशेष “आउटरीच प्रोग्राम” आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों और बैंक ग्राहकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि, कृषि आधारित व्यवसाय और कृषि विकास से जुड़ी विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी देना तथा उन्हें सरल और सुविधाजनक बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना रहा।
कृषि विकास के लिए प्रतिबद्धता जताई :
बीकानेर मंडल प्रमुख गजेंद्र चौधरी ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक किसानों की आर्थिक उन्नति और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि बैंक की विभिन्न कृषि ऋण योजनाओं के माध्यम से किसान आधुनिक तकनीकों को अपनाकर कृषि के नए आयाम स्थापित कर सकते हैं तथा अपनी आय और उत्पादन बढ़ा सकते हैं।
वैज्ञानिक खेती और आधुनिक तकनीक पर जोर :
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि विश्वविद्यालय के शोध निदेशक एन.के. शर्मा ने किसानों को वैज्ञानिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों और उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बैंक ऋण का सही उपयोग कर किसान अपनी उपज और लाभ दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।
प्रधान कार्यालय से आए उप महाप्रबंधक प्रदीप यादव ने कहा कि बैंक देशभर में कृषि संपदा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि किसानों की जरूरतों और भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बैंक विभिन्न प्रकार की कृषि ऋण सुविधाएं उपलब्ध करवा रहा है।
बैंकिंग सेवाओं के विस्तार का भरोसा :
बीकानेर मंडल के उपमंडल प्रमुख ने कार्यक्रम में आए किसानों और ग्राहकों का धन्यवाद देते हुए कहा कि बैंक भविष्य में भी किसानों को अधिक सुविधाजनक और आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत रहेगा।
कार्यक्रम में मिड कॉर्पोरेट शाखा के सहायक महाप्रबंधक नीरज गर्ग, मुख्य प्रबंधक पुलकेश मेहता, रोहिताश चौधरी सहित मंडल कार्यालय के मुख्य प्रबंधक जी.एल. मीणा, निशिकांत सिन्हा, डॉ. अरविंद भारद्वाज, अमित धवल और बीकानेर मंडल की विभिन्न शाखाओं के प्रबंधक मौजूद रहे।