{"vars":{"id": "127470:4976"}}

पुलिस-व्यापारी मीटिंग : कोटगेट की दुकानों के आगे नहीं रहेगा सामान!

Bikaner :  कोटगेट पुलिस थाने में व्यापार मंडल के साथ बैठक, त्यौहार पर बाजार में यातायात की बात

 

दीपावली का बाजार सजने से पहले पुलिस की तैयारी, व्यापारियों के साथ मीटिंग, सड़क पर सामान रखा तो होगा जब्त 

Rudra News Express Bikaner. 

दशहरा और दीपावली का बाजार सजने वाला है। ऐसे में शहर के मुख्य बाजारों में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए बीकानेर पुलिस ने सख्ती की तैयारी कर ली है। दुकानों के आगे सड़क और फुटपाथ पर सामान रखकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने और यातायात बाधित करने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई होगी। पुलिस ने व्यापारियों के साथ मीटिंग कर कहा, स्वयं अतिक्रमण हटा लो, नहीं तो कार्रवाई होगी। 

गुरुवार को बीकानेर के कोटगेट पुलिस थाने में पुलिस अधिकारियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी, यातायात शाखा के प्रभारी कानाराम तथा नगर निगम बीकानेर की सतर्कता टीम के प्रभारी प्रदीप सिंह चारण सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौजूद रहे।

भीड़भाड़ वाले इन बाजारों पर खास बात : 

रेलवे स्टेशन रोड, लालजी होटल रोड, सट्टा गली, कोटगेट दरवाजा, दाऊजी रोड, केईएम रोड, भैरूंजी गली, फड़ बाजार, खजांची मार्केट और बोथरा कॉम्प्लेक्स रोड पर यातायात को लेकर खास चर्चा हुई। इस दौरान फुटपाथ पर बैठकर सामान बेचने, दुकानों के आगे सामान रखने और नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने से होने परेशानी पर भी विचार हुआ। 

बाजार में निकले पुलिस-व्यापारी : 

बैठक के बाद यातायात शाखा प्रभारी कानाराम और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने शहर के प्रमुख बाजारों का भ्रमण किया। इस दौरान दुकानदारों को सड़क और फुटपाथ पर रखा सामान हटाने तथा भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने की समझाइश दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा, दुकानों के आगे सड़क पर सामान रखने वालों के खिलाफ नियमानुसार 60 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए सामान जब्त किया जा सकता है। स्टेशन रोड, कोटगेट दरवाजा और फड़ बाजार पॉइंट पर टैक्सी खड़ी करने से यातायात में आने वाली बाधा को दूर करने के लिए टैक्सी चालकों को भी निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े करने की हिदायत दी गई।