{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Positive News : सरकारी स्कूल में मनाया जन्मदिन, बच्चों को किताबें, उपहार, फीस की सौगात 

 

RNE Bikaner. 

राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, नायक मोहल्ला, राजीव नगर में सोमवार को अलका पारीक के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में भामाशाहों ने विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित कर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया। इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजनाओं की भी घोषणा की गई।

कार्यक्रम में सीमा पारीक, अलका पारीक, मेघराज गहलोत तथा राजेश पारीक ने कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को पेन, पेंसिल, रबर, कटर और कॉपियां वितरित कीं। साथ ही सभी बच्चों को टॉफियां देकर उनका उत्साहवर्धन किया।

राजेश पारीक ने घोषणा की कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र में विद्यालय एवं अपनी कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी की संपूर्ण शिक्षा का खर्च वे स्वयं वहन करेंगे। वहीं मेघराज गहलोत ने विद्यालय की कक्षा 5 एवं 8 की बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक शिवशंकर गोदारा ने अतिथियों एवं भामाशाहों का स्वागत करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ती है और बेहतर परिणाम देने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने सहयोग के लिए सभी भामाशाहों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मनीषा धतरवाल, रणबीर स्वामी, कविता एवं पूजा मलिक सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।