{"vars":{"id": "127470:4976"}}

तीन बार सरपंच, कोलायत के प्रधान और उप जिला प्रमुख रहे रघुनाथ सिंह भाटी नहीं रहे
 

 

Rudra News Express Bikaner-Kolayat.

कोलायत क्षेत्र की ग्रामीण राजनीति के पुराने और अनुभवी नेता रहे पूर्व प्रधान रघुनाथ सिंह भाटी का शनिवार को निधन हो गया। वे पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता भंवर सिंह भाटी के पिता थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही कोलायत और हदां क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे रघुनाथ सिंह भाटी ने उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। शनिवार को हदां गांव में उनकी अंत्येष्टि की गई, जिसमें राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित अनेक नेता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

डोटासरा और जूली ने दिवंगत रघुनाथ सिंह भाटी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी और उनके परिवार के सदस्यों से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं। अंत्येष्टि के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के राजनीतिक-सामाजिक लोगों की मौजूदगी रही।

गांव की राजनीति से राज्य स्तर तक बनाई पहचान :

रघुनाथ सिंह भाटी का राजनीतिक सफर ग्राम पंचायत स्तर से शुरू हुआ था। उन्होंने हदां ग्राम पंचायत के दूसरे सरपंच के रूप में जिम्मेदारी संभाली। वे कुल तीन बार हदां के सरपंच चुने गए। इनमें एक बार उनका निर्विरोध निर्वाचन भी हुआ था। गांव की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद उन्होंने पंचायत समिति स्तर पर अपनी पहचान बनाई।

भाटी को वर्ष 1989 में कोलायत पंचायत समिति का प्रधान चुना गया था। इसके बाद वे बीकानेर के उप जिला प्रमुख भी रहे। इस तरह उन्होंने ग्राम पंचायत से लेकर पंचायत समिति और जिला स्तर तक विभिन्न जनप्रतिनिधि पदों पर काम किया। ग्रामीण राजनीति और पंचायती राज व्यवस्था में उनका लंबा अनुभव रहा।

कांग्रेस के टिकट पर दो बार लड़ा विधानसभा चुनाव :

रघुनाथ सिंह भाटी कांग्रेस संगठन से लंबे समय तक जुड़े रहे। उन्होंने कोलायत क्षेत्र में पार्टी की राजनीति और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। वे कांग्रेस के टिकट पर दो बार विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके थे। इसके अलावा उन्होंने सहकारी समिति के अध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई।

उनके पुत्र भंवर सिंह भाटी ने भी क्षेत्र की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। भंवर सिंह भाटी कोलायत से दो बार विधायक रहे और राजस्थान सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। पिता-पुत्र दोनों की क्षेत्रीय राजनीति में सक्रियता के चलते भाटी परिवार का कोलायत की राजनीति से लंबे समय से जुड़ाव रहा है।

गहलोत, डोटासरा, जूली सहित नेताओं ने जताया शोक :

रघुनाथ सिंह भाटी के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व मंत्री गोविंद मेघवाल, पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी, विधायक अंशुमान सिंह भाटी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत सहित अनेक नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने शोक व्यक्त किया।

कोलायत क्षेत्र के पूर्व सरपंचों और सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी उनके निधन पर संवेदना जताई। इनमें देवी सिंह रावलोत, मोहनलाल विश्वकर्मा, रामेश्वरलाल भूतड़ा, फुरोज खान, मुनीराम सेन, ओमप्रकाश सेन, मदनलाल चौहान, शिवलाल, मोहनदान चारण, रामदास रांकावत और मघाराम गोदारा सहित अन्य लोग शामिल हैं।