Rajasthan Kabaddi : बीकानेर, जयपुर बालक वर्ग में आगे बढ़े, चूरू और नागौर ने बालिका वर्ग में बनाई जगह; 22 अगस्त को फाइनल मुकाबले
Rudra News Express Bikaner.
डॉ. करणी सिंह स्टेडियम के मल्टीपरपज हॉल में चल रही 52वीं राज्य स्तरीय जूनियर बालक एवं बालिका कबड्डी प्रतियोगिता के तीसरे दिन शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। प्रदेशभर से पहुंची टीमों के बीच सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए जोरदार मुकाबले हुए। खिलाड़ियों की चुस्ती-फुर्ती, तकनीक और आक्रामक खेल ने दर्शकों को रोमांचित किया।
तीसरे दिन के कार्यक्रम में राजस्थान ओलंपिक संघ के अध्यक्ष तेजस्वी गहलोत मुख्य अतिथि रहे। एडिशनल एसपी बीकानेर दीपचंद सहारण और राजस्थान शिक्षा निदेशालय के स्टाफ ऑफिसर अशोक शर्मा भी मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और क्वार्टर फाइनल मुकाबले देखे।
मेजबान बीकानेर की शानदार जीत :
बालक वर्ग के पहले क्वार्टर फाइनल में मेजबान बीकानेर ने सीकर को 11 अंकों से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दूसरे मुकाबले में जयपुर ने टोंक को 36 अंकों के बड़े अंतर से शिकस्त देकर अगले दौर में जगह बनाई।
तीसरे क्वार्टर फाइनल में हनुमानगढ़ ने अलवर को 33 अंकों से हराया, जबकि चौथे मुकाबले में भरतपुर ने खेल परिषद अकादमी को 18 अंकों से पराजित किया।
चूरू का दो अंकों से रोमांचक मुकाबला :
बालिका वर्ग में पहले क्वार्टर फाइनल में चूरू ने राजस्थान खेल परिषद अकादमी को बेहद करीबी मुकाबले में सिर्फ 2 अंकों से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
दूसरे क्वार्टर फाइनल में नागौर ने करौली को 49 अंकों के बड़े अंतर से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
इसके अलावा बालिका वर्ग के मुकाबलों में मेजबान बीकानेर ने टोंक को 28 अंकों से, जबकि जयपुर ने झुंझुनूं को 29 अंकों से हराया।
तेजस्वी गहलोत बोले- कबड्डी हमारी गौरवशाली खेल परंपरा :
मुख्य अतिथि तेजस्वी गहलोत ने कहा कि कबड्डी भारत की गौरवशाली खेल परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और अब यह खेल राष्ट्रीय स्तर के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। ऐसे आयोजनों से नई प्रतिभाओं की पहचान होती है और उन्हें उच्च स्तर तक पहुंचने की प्रेरणा मिलती है।
बीकानेर कबड्डी संघ के चेयरमैन राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि तीसरे दिन के क्वार्टर फाइनल मुकाबले बेहद संघर्षपूर्ण रहे। वहीं जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र व्यास ने कहा कि प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय खेल का अनुभव देने के साथ उनकी तकनीक और खेल कौशल में सुधार का अवसर भी दे रही है।
22 अगस्त को होंगे फाइनल मुकाबले :
प्रतियोगिता का समापन 22 अगस्त को सुबह 9 बजे होगा। इस दौरान बालक और बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार समापन समारोह के मुख्य अतिथि तेजस्वी गहलोत होंगे।
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष राजपाल कुल्हेरी, जिला कबड्डी संघ के संरक्षक दानवीर सिंह भाटी, सचिव जितेंद्र सिंह राठौड़, कोषाध्यक्ष दिलकान माचरा, उपाध्यक्ष भैरूरतन ओझा, सुरेश जोशी, सीताराम सिहाग, भागीरथ गोदारा और पूर्णनाथ सहित आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।