{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan Kabaddi Championship: चार दिन तक चला कबड्डी महासंग्राम, बालिका वर्ग में बीकानेर, बालक वर्ग में भरतपुर ने जीता खिताब
 

 

Rudra News Bikaner. 

डॉ. करणी सिंह स्टेडियम का मल्टीपरपज हॉल चार दिनों तक कबड्डी के जोश, जुनून और रोमांच से गूंजता रहा। 19 से 22 अगस्त तक आयोजित 52वीं राज्य स्तरीय जूनियर बालक एवं बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में राजस्थानभर की युवा प्रतिभाओं ने दमखम दिखाया। कांटे के मुकाबलों के बीच सबसे बड़ी कामयाबी मेजबान बीकानेर की बेटियों के नाम रही, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालिका वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया।

बीकानेर कबड्डी संघ के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के समापन समारोह में राजस्थान ओलंपिक संघ के अध्यक्ष तेजस्वी सिंह गहलोत मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बीकानेर की आईना "बेस्ट रेडर", जयपुर की अक्षिता "बेस्ट डिफेंडर" : 

बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। घरेलू मैदान पर उतरी बीकानेर की खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही शानदार तालमेल, आक्रामक रेड और मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन किया। लगातार दबाव बनाए रखते हुए बीकानेर ने जयपुर को हराकर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। जयपुर की टीम उपविजेता रही, जबकि नागौर और चूरू की टीमें संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं। व्यक्तिगत प्रदर्शन में बीकानेर की आईना सायच को "बेस्ट रेडर" और जयपुर की अक्षिता देवेंदा को "बेस्ट डिफेंडर" चुना गया।

भरतपुर ने पिछड़ने के बाद पलटा मुकाबला : 

बालक वर्ग का फाइनल भी सांसें थाम देने वाला रहा। भरतपुर और हनुमानगढ़ के बीच खेले गए मुकाबले में एक समय भरतपुर की टीम पिछड़ती नजर आई, लेकिन खिलाड़ियों ने हिम्मत नहीं छोड़ी।भरतपुर ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले की तस्वीर ही बदल दी। मजबूत रेड और बेहतरीन डिफेंस के दम पर टीम ने हनुमानगढ़ पर दबाव बनाया और आखिरकार बालक वर्ग का चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। हनुमानगढ़ उपविजेता रहा, जबकि बीकानेर और जयपुर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।हनुमानगढ़ के रवि कुमार को "बेस्ट रेडर" और भरतपुर के राधेश्याम को "बेस्ट डिफेंडर" चुना गया।

चार दिन तक दिखा खेल का जुनून : 

प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आई जूनियर खिलाड़ियों की टीमों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। रेड, डिफेंस, रणनीति और टीमवर्क के रोमांच ने दर्शकों को मुकाबलों से बांधे रखा।

बीकानेर कबड्डी संघ के चेयरमैन राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता ने युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए बड़ा मंच दिया। वहीं संघ अध्यक्ष महेन्द्र व्यास ने खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना की सराहना करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।

मुख्य अतिथि तेजस्वी सिंह गहलोत ने कहा कि ऐसी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। राजस्थान में कबड्डी की प्रतिभाओं की कमी नहीं है और मेहनत, अनुशासन तथा खेल भावना के साथ युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।

समापन समारोह में आयोजन समिति के अध्यक्ष राजपाल कुल्हेरी, जिला कबड्डी संघ के संरक्षक दानवीर सिंह भाटी, सचिव जितेंद्र सिंह राठौड़, कोषाध्यक्ष दुलकांत माचरा, उपाध्यक्ष भैरूरतन ओझा, सुरेश व्यास सहित आयोजन समिति के सीताराम सिहाग, भागीरथ गोदारा, पूर्णनाथ आदि मौजूद रहे।