{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan Panchayat chunav : 16 जिला परिषदों, 104 पंचायत समितियों के लिए कल सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान
 

 

Rudra News Express Bikaner-Jaipur. 

राजस्थान में पंचायती राज पहले चरण चुनाव में गुरुवार, 22 अक्टूबर को 16 जिला परिषदों और 104 पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। इसके लिए बुधवार को मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण देने के साथ ही निर्वाचन सामग्री देकर मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जा रहा है।

पहले चरण में अजमेर, अलवर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, जोधपुर, फलोदी, कोटा, नागौर, पाली, राजसमंद, सिरोही और उदयपुर जिलों में मतदान होगा। इनमें कुछ जिलों में अलग-अलग चरणों में भी चुनाव कराए जाएंगे।


 

बीकानेर : जिला परिषद के 41 वार्ड, 04 पंचायत समितियां, 112 पंच-सरपंच चुनाव

बीकानेर में बुधवार को डूंगर कॉलेज से 319 मतदान दलों को रवाना किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन और चुनाव पर्यवेक्षक नवनीत कुमार की मौजूदगी में मतदान दलों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। यहाँ पहले चरण में पूगल, छत्तरगढ़, खाजूवाला और रुणिया पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव होंगे। इसके साथ ही इन क्षेत्रों की 112 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए भी निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।


पांच दिन-चार रातें गांवों में गुजरेंगे मतदान दल : 
मतदान दल पांच दिन और चार रात गांवों में रहकर चुनाव संबंधी जिम्मेदारियां निभाएंगे।
22 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा।
 23 अक्टूबर को संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर पंच और सरपंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 
24 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक पंच-सरपंच पदों के लिए मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

25 अक्टूबर को उपसरपंच पद के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इसके बाद मतदान दलों की वापसी होगी।

ईवीएम और मतपत्रों से मतदान : 

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव ईवीएम से कराए जाएंगे, जबकि पंच और सरपंच पदों के लिए मतपत्रों का इस्तेमाल होगा। इस दौरान बीकानेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त स्नेहल धायगुड़े नाना, सचिव हेमेन्द्र नागर, प्रशिक्षु आईएएस मनु गर्ग, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी पंकज शर्मा, चारों पंचायत समितियों के रिटर्निंग अधिकारी और प्रशिक्षण से जुड़े अन्य अधिकारी मौजूद रहे।