RAJCUTICON-2026 : 450 स्किन एक्सपर्ट, 02 दिन बीकानेर में, 10 साल बाद ऐसा संगम!
Indian Association of Dermatologists, Venereologists and Leprologists
Rudra News Express Bikaner.
इस वीकेंड पर बीकानेर में देश-दुनिया के लगभग 450 स्किन एक्सपर्ट डॉक्टर जुटने जा रहे हैं। दो दिन बीकानेर में रहकर ये त्वचा रोगों के आधुनिक उपचार, नई दवाओं के असर और जटिल बीमारियों के निदान पर मंथन करेंगे। इस मंथन में दुनियाभर में स्किन की बीमारियों और इससे जुड़ी समस्याओं पर हो रही नई रिसर्च का भी खुलासा होगा।
जानिए क्या और कैसा है आयोजन :
दरअसल इंडियन एसोसिएशन ऑफ डर्मेटोलॉजिस्ट, वेनरियोलॉजिस्ट एण्ड लेप्रोलॉजिस्ट (IADVL) की राजस्थान ब्रांच का 47 वां वार्षिक सम्मेलन "RAJCUTICON-2026" बीकानेर में होने जा रहा है।इसमें देशभर के करीब 450 चर्म रोग विशेषज्ञ जुटेंगे। लगभग10 साल बाद बीकानेर में इस स्तर पर चर्म रोग विशेषज्ञों का जमावड़ा होगा। सम्मेलन में आधुनिक चिकित्सा को आमजन के लिए सस्ता और सुलभ बनाने के साथ मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।
'बियॉन्ड द सरफेस' (Beyond the Surface) पर केंद्रित कॉन्फ्रेंस में देश-विदेश के ख्यातनाम विशेषज्ञ अपने चिकित्सकीय अनुभव साझा करेंगे। आयोजन समिति के प्रमुख, पीबीएम अस्पताल के अधीक्षक एवं चर्म रोग विभागाध्यक्ष डॉ. बीसी घीया ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य जटिल त्वचा रोगों के उपचार से जुड़े अनुभवों और आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों पर चर्चा करना है। नई दवाओं के लाभ, उनके संभावित दुष्प्रभाव और उपचार की प्रभावी तकनीकों पर भी विशेषज्ञ विचार रखेंगे।
35 सत्रों में होगा वैज्ञानिक मंथन :
आयोजन सचिव एवं वरिष्ठ चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहित बंसल के अनुसार, आयोजन में लगभग 450 विशेषज्ञों के भाग लेने की संभावना है। वैज्ञानिक समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रसून सोनी ने बताया कि दो दिनों में करीब 35 वैज्ञानिक सत्र होंगे। इनमें त्वचा, कुष्ठ एवं यौन रोगों के निदान, उपचार और रोकथाम से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। वरिष्ठ विशेषज्ञ अपने वर्षों के अनुभव साझा करेंगे, वहीं स्नातकोत्तर विद्यार्थी शोध पत्रों और पोस्टर प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने शोध कार्य प्रस्तुत करेंगे।
युवा डॉक्टरों को मिलेगा लाभ :
साइंटिफिक सेशन में करीब 150 वरिष्ठ विशेषज्ञों और पीजी स्टूडेंट की सक्रिय भागीदारी रहेगी। इसका उद्देश्य युवा चिकित्सकों को अनुभवी विशेषज्ञों से प्रत्यक्ष मार्गदर्शन दिलाना और चिकित्सा के बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए नई तकनीकों से परिचित कराना है। सम्मेलन में वीडियो लेक्चर के जरिए प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की गई है। खास बात यह है कि कॉन्फ्रेंस में नए प्रयोगों पर ही नहीं, बल्कि उनके व्यावहारिक उपयोग पर भी चर्चा होगी। मंथन इस बात पर होगा कि आधुनिक उपचार पद्धतियों का लाभ अधिक से अधिक मरीजों तक कैसे पहुंचे और उपचार की लागत को किस तरह कम रखा जा सके।
ये हैं जिम्मेदार :
RAJCUTICON-2026 के आयोजन में डॉ. आर.ए. बंब संरक्षक-प्रमुख एवं मुख्य समन्वयक, डॉ. सुरेन्द्र के. वर्मा (प्राचार्य, एसपी मेडिकल कॉलेज) संरक्षक, डॉ. आर.डी. मेहता मुख्य समन्वयक, डॉ. बी.सी. घीया आयोजन अध्यक्ष, डॉ. मोहित बंसल आयोजन सचिव, डॉ. प्रसून सोनी वैज्ञानिक समिति अध्यक्ष, डॉ. सौरभ अग्रवाल वैज्ञानिक सह-अध्यक्ष, डॉ. दीपिका सिंह कोषाध्यक्ष, डॉ. राधेश्याम एवं डॉ. विनीत कुमार संयुक्त सचिव, डॉ. रेखा एवं डॉ. रेणु सांस्कृतिक सचिव, डॉ. पूनम दत्त मेहता एवं डॉ. विजयता बंसल आतिथ्य सचिव तथा श्रीमती ज्योति घीया एवं डॉ. निष्ठा अग्रवाल स्वागत सचिव की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।