बीकानेर के राजेश तैलंग ‘टाइम्स ऑफ़ इंडिया फ़िल्म अवार्ड’ से सम्मानित
RNE Bikaner-Mumbai.
प्रसिद्ध रंगमंच, सिने एवं टीवी अभिनेता राजेश तैलंग को टाइम्स ऑफ इंडिया फिल्म अवार्ड्स के अंतर्गत ‘एक्टिंग एक्सीलेंस इन अ सपोर्टिंग रोल (मेल)’ से सम्मानित किया गया है। यह अवार्ड उन्हें मुम्बई में आयोजित एक समारोह में वेब सिरीज ‘बंदिश बैंडिट्स−सीज़न 2’ के लिए दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि राजेश तैलंग का जन्म और शिक्षा बीकानेर में ही हुई है। बीकानेर में शुरूआती रंगमंच करने के बाद उन्होंने 1993 में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) से अभिनय का प्रशिक्षण प्राप्त किया। तैलंग ने देश विदेश की महत्त्वपूर्ण फ़ीचर फ़िल्मों, टेलीविजन धारावाहिकों तथा वेब सिरीज में अपने अभिनय की अमिट छाप छोड़ी है।
इनमें विभिन्न अंतर्राषट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित फिल्म सिद्धार्थ, हज़ार चौरासी की माँ, देव, तक्षक, मंगल पांडे, पंगा, छतरीवाली, रामप्रसाद की तेरहवीं, मुक्काबाज़, हसीना पारकर, अय्यारी, वेब सिरीज दिल्ली क्राइम, मिर्ज़ापुर, बंदिश बैंडिट्स, पगलेट और सलेक्शन डे प्रमुख हैं। सिद्धार्थ के लिए उन्हें कैनेडियन स्क्रीन अवार्ड के लिए नामित किया गया था।
राजेश तैलंग ने बताया कि टाइम्स ऑफ़ इंडिया फिल्म अवार्ड उनके लिए विशेष महत्त्व रखता है, क्यों कि यह अवार्ड उन्हें "बंदिश बैंडिट्स" के लिए मिला है, जिसमें उन्होंने एक संगीतकार का किरदार निभाया है। चूँकि वे बीकानेर के संगीतकारों के एक परिवार से आते हैं, इसलिए यह किरदार निभाना उनके लिए चुनौती पूर्ण भी था और उनके दिल के क़रीब भी। राजेश तैलंग ने यह सम्मान अपने पिता श्रीकृष्ण तैलंग और बड़े भाई प्रसिद्ध कार्टूनिस्ट पद्मश्री सुधीर तैलंग को समर्पित किया है।