{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rameshwar Dudi : विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और सांसद रहे कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी का निधन

 

RNE Bikaner
 

रामेश्वर डूडी का नाम आते ही जेहन में घूमता है चुस्त पेंट-शर्ट, एथलीट की तरह फिट एक ऐसा शख्स जो चेहरे पर मुस्कान और गर्मजोशी के साथ खुलकर मिलता। एक बार किसी से मिलता तो वह डूडी को कभी नहीं भूलता और उसके हिस्से में डूडी का एक किस्सा रहा जाता। ऐसे हजारों किस्से यादों में छोड़ किसान केसरी कहे जाने वाले रामेश्वर डूडी ने दुनिया को अलविदा कह दिया। 

विडियो देखने के लिए नीचे फोटो पर क्लिक करें :

राजस्थान में किसान की सशक्त आवाज माने जाने वाले कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी का बीती देर रात निधन हो गया। डूडी लगभग दो साल से मौत के संघर्ष कर रहे थे। पिछले कुछ दिनों से बीकानेर में उनके निवास पर ही इलाज चल रहा था। केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा, कांग्रेस नेता हरीश चौधरी सहित प्रदेश, देश के कई नेता उनके घर हालचाल जानने पहुंचे थे। आज डूडी के निधन के समाचार सुन हर किसी ने गहरा दुख जताया है। उनका अंतिम संस्कार आज बीकानेर में ही किया जाएगा।

बीकानेर कांग्रेस (देहात) अध्यक्ष बिशना राम सियाग ने बताया कि अगस्त 2023 में डूडी को ब्रेन स्ट्रोक हुआ था। उन्हें तुरंत एसएमएस अस्पताल ले जाया गया था। वहां से उन्हें गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। उसके बाद वो दिल्ली में अपने घर पर ही इलाज ले रहे थे। कुछ दिन पहले उन्हें फिर से हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था, लेकिन उनकी हालत में ज्यादा सुधार नहीं हुआ। इसके बाद डॉक्टर्स ने उन्हें घर भेज दिया था। सियाग ने बताया कि शनिवार को दोपहर एक बजे बीकानेर में उनके आवास पर अंतिम दर्शन हो सकेंगे।
 

डूडी की जीवन यात्रा : 
 

जन्म 1 जुलाई 1963 को बीकानेर में हुआ। बीजेएस रामपुरिया कॉलेज से बी.कॉम. किया। पिता जेठाराम डूडी नोखा के पंचायत समिति के प्रधान रहे। डूडी 1995 से राजनीतिक रूप से सक्रिय रहे। उन्होंने 1995 में पंचायती राज स्तर पर राजनीति शुरू की, वह 1995 से 1999 तक नोखा से प्रधान चुने गए।
 

  1. वर्ष 1999 से 2004 तक लोकसभा में बीकानेर का प्रतिनिधित्व किया।
  2. 1999 से 2000 तक लोकसभा में खाद्य, नागरिक आपूर्ति और सार्वजनिक वितरण समिति के सदस्य भी रहे।
  3. 2013 में नोखा निर्वाचन क्षेत्र से राजस्थान विधानसभा के सदस्य चुने गए।
  4. 2018 में भाजपा के बिहारीलाल बिश्नोई से नोखा निर्वाचन क्षेत्र से हार गए।
  5. 27 अगस्त 2023 को उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ।
  6. रामेश्वर डूडी की पत्नी सुशीला डूडी को साल 2023 के चुनाव में कांग्रेस ने नोखा विधानसभा से मैदान में उतारा था। उन्होंने भाजपा के कैंडिडेट को 8 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था।