{"vars":{"id": "127470:4976"}}

रणजीतपुरा दुष्कर्म-हत्याकांड: मंत्री बेढ़म बोले-धरना दे रहे कांग्रेस नेता शांतिभंग कर पुलिस को उलझा रहे!

रणजीतपुरा दुष्कर्म-हत्याकांड: विधानसभा में हंगामा जूली ने ललकारा, गृहमंत्री बेढ़म ने लताड़ा!

नेता प्रतिपक्ष को इस पर राजनीति सूझे ये अच्छा नहीं लगता!

मंत्रीजी हत्यारे गिरफ्तार कब होंगे, ये पूछना राजनीति नहीं हैै!

RNE, JAIPUR-BIKANER.

बीकानेर के रणजीतपुरा थाना इलाके में स्कूल जा रही 12 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में अब राजनीति गरमाने लगी है। बज्जू मोर्चरी में तीन दिन से शव रखा है और पूर्वमंत्री भंवरसिंह भाटी की अगुवाई में सैकड़ों लोग धरना दिए बैठे हैं।

" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

इसी मुद्दे पर सोमवार को राजस्थान विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। विधायक डूंगरराम गेदर की ओर से मुद्दा उठाने और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की ओर से सरकार पर जवाब तलब करने के बाद यह मसला और गरमा गया।

गृह राज्यमंत्री जवाहरसिंह बेढ़म इस मुद्दे पर जवाब देते हुए कह गए, इतना गंभीर मसला है जिस पर नेता प्रतिपक्ष को राजनीति सूझे ये अच्छी बात नहीं है। इस पर जूली भी तैश में आ गए और बोले- मंत्रीजी हत्यारे गिरफ्तार कब होंगे यह पूछना राजनीति नहीं है। इस पर जबरदस्त गरमागरमी हो गई और कांग्रेस के सदस्य बहिर्गमन कर गये। इस बीच मंत्री जवाहरसिंह बेढ़म ने यहां तक कह दिया कि धरने पर बैठे कांग्रेस नेता शांतिभंग कर पुलिस को उलझा रहे हैं।

" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

दरअसल इससे पहले सूरतगढ़ के विधायक डूंगराम गेदर ने शून्यकाल में यह मसला उठाया। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इस पर सरकार की ओर से जवाब मांगा और जब जवाब नहीं आया तो हंगामा हो गया। नारे लगने लगे ‘जवाब दो-जवाब दो।’

विधायक डूंगरराम गेदर ने कहा, कोलायत विधानसभा क्षेत्र के रणजीतपुरा गांव में 8वीं की छात्रा बोर्ड परीक्षा देने सुबह 11ः30 बजे घर से निकली। बीच रास्ते दरिंदों ने सेन समाज की छात्रा को भेड़ियों की तरह नोंचा और उसकी हत्या कर दी। इस गांव में स्कूल के पास पुलिस थाना है। पुलिस थाना से महज 200 मीटर दूरी की ये घटना है। यहां शराब का ठेका है। यह सीमावर्ती इलाका नशे के व्यापार की चपेट में है।

कलेक्टर मौके पर ही नहीं गई:

मोर्चरी के बाहर पूर्वमंत्री भंवरसिंह भाटी और महेन्द्र गहलोत के साथ हजारों लोग धरने पर बैठे हैं। अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। कानून व्यवस्था खतरे में हैं। यह बॉर्डर का गांव है। सीआईडी, आईबी सबकी मौजूदगी रहती है। कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल है। यह घटना प्रधानमंत्री की बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ नारे को जुमला साबित करने का काम कर रही है। बीकानेर की कलेक्टर मौके पर ही नहीं गई है। सरकार के गृहमंत्री अभी जवाब दें ताकि तीन दिन से धरने पर बैठे हजारों लोगों को और उस नाबालिग बच्ची को न्याय मिल सके।

जूली ने अध्यक्ष देवनानी से कहा, व्यवस्था दो-सरकार जवाब दें:

गेदर ने सरकार ने जवाब मांगा लेकिन जवाब नहीं आया तो नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने हस्तक्षेप किया। जूली विधानसभाध्यक्ष देवनानी से मुखातिब होकर बोले, तीन दिन से लोग धरने पर बैठे हैं। गंभीर मसला है। आप व्यवस्था दें कि सरकार इस मसले पर जवाब दें। छोटी बच्ची का मर्डर हुआ है। कोई तो जवाब दे।

सरकार से जवाब तो दिलवाओ। सरकार आने के बाद 11 हजार महिलाओं से बलात्कार हो गया। हर दिन 15 बलात्कार हो रहे हैं। सरकार जवाब दें। स्थिति स्पष्ट करें। इस पर जवाब नहीं आया तो कांग्रेस के विधायक खड़े हो गये। नारे लगाने लगे ‘जवाब दो-जवाब दो।’ इस पर जवाब नहीं आया तो विधानसभा में हंगामा हो गया। हंगामे के बीच मंत्री थावरचंद गहलोत कहते सुने गये ‘इन्हें सिर्फ हंगामा करना है।’

अंशुमान ने गृहमंत्री से कहा-झकझोरती है ये घटना, कार्रवाई करो :

दूसरी ओर कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने गृहमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म से मुलाकात कर कहा, यह घटना न केवल बेहद दुखद है बल्कि पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। किसी भी मासूम बेटी के साथ इस प्रकार की जघन्य घटना सभ्य समाज के लिए अस्वीकार्य है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस पर गृहमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने विधायक भाटी को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस संवेदनशील मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रही है। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं और जांच पूरी पारदर्शिता एवं तत्परता से करवाई जा रही है। दोषियों को हर हाल में कानून के कठघरे तक पहुंचाया जाएगा। विधायक भाटी ने बताया कि वे आज ही इस मामले को लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भी मुलाकात करेंगे।