{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Republic Day : मधु आचार्य बोले-गणतंत्र को पल्लवित करना सबका सामूहिक दायित्व

 

RNE Bikaner.
 

पूरा देश गणतंत्र दिवस समारोह मना रहा है। दिल्ली के कर्तव्य पथ से लेकर गांव की चौपालों तक तिरंगा लहरा रहा है। हर जगह परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झाकियां और शौर्य के साथ विकास का प्रदर्शन हो रहा है। स्कूलों से लेकर दफ्तरों तक गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किये गये हैं।

Rudra News Express के गोगागेट स्थित कार्यालय पर वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार मधु आचार्य ‘आशावादी’ ने ध्वजारोहण किया। साहित्यकार नगेन्द्र नारायण किराड़ू बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।

इस मौके पर मधु आचार्य "आशावादी" ने आज के हालात का जिक्र करते हुए कहा कि इन हालातों में गणतंत्र को सुरक्षित रखने के साथ ही लगातार पल्लवित करते रहना बहुत जरूरी है। ऐसा करने की जिम्मेदारी हर व्यक्ति की है। गणतंत्र सही मायनों में ऐसी व्यवस्था है जो आम आदमी के लिए, आम आदमी के द्वारा लागू की जाती है। इसमें कोई भी एक पक्ष अपनी मनमानी नहीं कर सकता। सबको समान अधिकार हैं। यहां ध्यान रखने की बात यह भी है कि जिस तरह अधिकारों का उपयोग कर सकते हैं उसी तरह हर व्यक्ति के दायित्व भी हैं। अपने दायित्व भी पूरी तरह निभाएंगे तभी गणतंत्र सुरक्षित रहते हुए पल्लवित हो सकेगा।

साहित्यकार नगेन्द्र नारायण किराड़ू ने इस मौके पर खासतौर पर वंदेमातरम की व्याख्या की। किराड़ू ने सस्वर गायन करने के साथ ही इसके एक-एक अंतरे के निहितार्थ समझाए। आजादी के 150 वर्ष पूरे होने के मौके पर वंदे मातरम की महत्ता को दर्शाने के लिए हो रहे आयोजनों पर भी किराड़ू ने बात की।

"रूद्रा न्यूज एक्सप्रेस" के प्रबंध संपादक रंगकर्मी अभिषेक आचार्य ने पत्रकारिता के दायित्व, कर्तव्य और अधिकारों का जिक्र करते हुए कहा, यह क्षेत्र बड़ी चुनौतियों का सामना कर रहा है। चिरंजीवी आचार्य ने देशभक्ति गीत के साथ गणतंत्र दिवस की प्रासंगिकता, महत्ता बताई।

एडवोकेट गंगाबिशन बिश्नोई ने संविधान निर्मात्री सभा, बाबा साहब डाक्टर भीमराव आंबेडकर, संविधान निर्माण की प्रक्रिया और संविधान लागू होने के बाद लगातार हो रहे संशोधनों का जिक्र किया। इस मौके पर क्रिएटिव डिजाइनर मोहित पार्थ, विकास सोनी, रूद्रा न्यूज एक्सप्रेस के उप संपादक दीपक रामावत, गौरव मारू, रितेश जोशी आदि मौजूद रहे।