Independence Day : बीकानेर में होगा राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह, तैयारियों का प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण किया
Rudra News Express Bikaner.
इस वर्ष राजस्थान का राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह बीकानेर में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 15 अगस्त को डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। समारोह को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और रविवार को वरिष्ठ अधिकारियों ने आयोजन स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
अधिकारियों न किया निरीक्षण :
संभागीय आयुक्त विश्राम मीना, पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश, जिला कलेक्टर निशांत जैन और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने डॉ. करणी सिंह स्टेडियम का सघन निरीक्षण कर समारोह से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने वीआईपी एवं आमजन के प्रवेश-निकास, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की।
सौंदर्यकरण और मरम्मत कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश :
जिला कलेक्टर निशांत जैन ने स्टेडियम में चल रहे रखरखाव और सौंदर्यकरण के कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक होने पर कार्य में अतिरिक्त टीमें लगाई जाएं ताकि सभी तैयारियां समय पर पूरी हो सकें।
इसके साथ ही उन्होंने शहर के प्रमुख मार्गों और समारोह स्थल तक जाने वाली सड़कों की मरम्मत कार्य की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा :
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परेड के पूर्वाभ्यास का अवलोकन किया और ध्वजारोहण, परेड, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तथा अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की। स्टेडियम परिसर में विभिन्न विभागों के नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के लिए भी स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद :
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि समारोह के दौरान अति विशिष्ट अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, विद्यार्थियों और आमजन के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार निर्धारित किए जाएंगे। इसके लिए चिन्हांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि आयोजन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू, बीकानेर विकास प्राधिकरण के सचिव हेमेन्द्र नागर, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता पंकज यादव, जिला खेल अधिकारी सुरेंद्र हर्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।