Bikaner : गृहमंत्री अमित शाह 25-26 मई का प्रस्तावित दौरा, कलक्टर-एसपी ने ली हाईलेवल बैठक
Amit Shah के दौरे में सुरक्षा से लेकर हैलीपेड तक व्यवस्थाओं की समीक्षा
May 22, 2026, 18:08 IST
RNE Bikaner.
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 25 और 26 मई को प्रस्तावित बीकानेर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को जिला कलक्टर निशांत जैन और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की हाईलेवल बैठक लेकर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में गृह मंत्री के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सुरक्षा, रूट प्लान, हैलीपेड, आवास, भोजन, पेयजल, वाहन, साफ-सफाई, प्रवेश पत्र और प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रशासनिक अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर निशांत जैन ने कहा कि गृह मंत्री के साथ वरिष्ठ अधिकारियों का दौरा भी प्रस्तावित है, इसलिए सभी विभाग गंभीरता और समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि यह दौरा जिले के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में विशिष्ट अतिथियों के साथ नियुक्त किए जाने वाले लाइजन ऑफिसर्स को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने सुरक्षा और प्रोटोकॉल को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर स्तर पर मॉनिटरिंग शुरू कर दी है।
दौरे की समूची व्यवस्थाओं के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू को ओवरऑल प्रभारी नियुक्त किया गया है। बैठक में सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
बीकानेर में गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।